कंडक्टर ने मांगा किराया तो दिखाया खाकी का रोब: दारोगा ने आधा घंटा रोकी बस, चेकिंग के नाम पर काटा चालान
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 01:05 PM (IST)
Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से खाकी की सनक का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां रोडवेज बस में सफर कर रहे यूपी पुलिस के एक दारोगा जी को कंडक्टर द्वारा नियम के मुताबिक टिकट काटना इस कदर नागवार गुजरा कि उन्होंने अपने पद की पावर का पूरा जलवा दिखा दिया। टिकट कटने के गुस्से में दारोगा ने ऊपर से आदेश है का बहाना बनाकर यात्रियों से भरी बस को सड़क पर आधे घंटे तक रोके रखा।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आगरा के फाउंड्रीनगर डिपो की सुपरफास्ट बस शांतिकुंज आश्रम से हरिद्वार जा रही थी। बस में सवार दारोगा जी से जब कंडक्टर ने नियमानुसार किराया मांगकर टिकट काटा, तो साहब का पारा चढ़ गया। हाथरस पहुंचते ही दारोगा ने पुलिसिया धौंस जमाते हुए पहले सदर कोतवाली क्षेत्र में बस को रुकवाकर ट्रैफिक पुलिस से उसकी तस्वीरें खिंचवाईं।
बात यहीं खत्म नहीं हुई। इसके बाद सासनी थाने पर बस को खड़ा कराया गया और फिर हनुमान चौकी पर तलाशी का पूरा ड्रामा रचा गया। इस पूरी खींचतान और बेवजह की चेकिंग के चक्कर में बरसात के मौसम में तीर्थयात्रियों, छोटे-छोटे बच्चों और आम सवारियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। कई यात्री अपने गंतव्य के लिए लेट हो गए।
बताया जा रहा है कि कंडक्टर और चालकों का आरोप है कि चेकिंग के नाम पर बदला लेने के लिए बस का चालान भी काटा गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग पुलिस की इस तानाशाही रवैये पर जमकर भड़ास निकाल रहे हैं। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस प्रशासन के आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

