CM योगी बोले- माफिया को मिट्टी में मिलाया...सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम में ....

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 06:52 PM (IST)

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पहले राज्य के हर जिले में दंगे होते थे और लोग असुरक्षित महसूस करते थे लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत कर माफियाओं के खिला‍फ प्रभावी कार्रवाई की है। योगी आदित्यनाथ ने गजरौला स्थित वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में अमरोहा और धनौरा विधानसभा क्षेत्रों के लिए 207 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित किया। 

सुरक्षा में सेंध लगाने वाले के खिलाफ सख्त एक्शन 
उन्होंने कहा कि सरकार जनप्रतिनिधियों के प्रत्येक प्रस्ताव को धरातल पर उतार रही है, और विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं है, बल्कि उसके लिए समय, सही सोच, संवेदना, नीति और नीयत की आवश्यकता होती है। मुख्यमंत्री ने कहा, ''पिछली सरकारों में हर जिले में दंगे होते थे और लोग असुरक्षित थे। हमने स्पष्ट कर दिया कि सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम ही जगह है। हमारी सरकार ने माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया है।

सैफई का सिंडिकेट नौकरियों में डकैती डालता 
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब सुरक्षा का मॉडल प्रस्तुत कर रहा है। योगी ने कहा, ''सुरक्षा से सुशासन आता है, सुशासन निवेश लाता है और निवेश समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करता है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि पहले नौकरियों में पक्षपात होता था। मुख्यमंत्री ने कहा, ''अब हर भर्ती में अमरोहा और धनौरा का नौजवान भी नियुक्ति पत्र पा रहा है, जबकि पहले रामपुर और सैफई का सिंडिकेट नौकरियों में डकैती डालता था।'' उन्होंने कहा कि अब किसी के अधिकारों पर डकैती नहीं डाली जा सकती, क्योंकि ''अब आपकी अपनी सरकार है।

गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़कर 400 रुपये प्रति क्विंटल किया 
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले विकास, औद्योगिक निवेश और किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान सुचारु रूप से नहीं हो पाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच 29 चीनी मिलें बंद कर दी गईं और 21 चीनी मिलों को औने-पौने दाम पर बेच दिया गया। योगी ने कहा, ''अगर वही सरकारें आज भी होतीं तो उत्तर प्रदेश का चीनी उद्योग बंद हो चुका होता।'' उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में राज्य में 122 चीनी मिलों का संचालन हो रहा है और किसानों को 3.23 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़कर 400 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है तथा उत्तर प्रदेश चीनी, गन्ना और इथेनॉल उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। 

पहले कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा, रामनवमी पर रोक लगाई जाती थी 
योगी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा, रामनवमी की शोभायात्रा और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे आयोजनों पर रोक लगाई जाती थी, जबकि उनकी सरकार सभी धार्मिक आयोजनों के प्रति सम्मान का भाव रखते हुए हरसंभव सहयोग कर रही है। मुख्यमंत्री ने पूर्व क्रिकेटर और पूर्व मंत्री दिवंगत चेतन चौहान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने नौगावां सादात व अमरोहा जिले में खेल एवं विकास को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार कर रही योगी सरकार 
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने की दिशा में काम कर रही है और बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आधिकारिक बयान के अनुसार, इस अवसर पर कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, सांसद कंवर सिंह तंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, विधायक राजीव तरारा, महेंद्र सिंह खड़गवंशी, विधान परिषद सदस्य हरि सिंह ढिल्लो तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष उदय गिरि गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static