क्रूरता की सभी हदें पार! युवती को 6 टुकड़ों में काटा, 5 ट्रेन में मिले; सिर गायब, धड़ बक्से में और हाथ-पैर पॉलिथीन में पैक

punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 04:31 PM (IST)


लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने रेलवे सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में एक युवती का सिर कटा शव छह टुकड़ों में बरामद होने से हड़कंप मच गया। हत्यारों ने बेहद शातिराना अंदाज में शव के टुकड़ों को बक्से और बैग में पैक कर ट्रेन में छोड़ दिया, ताकि किसी को शक न हो। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ट्रेन की स्लीपर बोगी में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह जब छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची, तब स्लीपर कोच एस-1 में लावारिस बक्सा और बैग पड़े होने की सूचना मिली। रेलवे कर्मचारियों और जीआरपी ने जब बक्सा खोला तो उसमें 25 से 30 वर्ष की युवती का सिर कटा धड़ मिला। वहीं पास में रखे बैग से पॉलीथीन में पैक हाथ और पैर बरामद किए गए। घटना सामने आते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। हालांकि शव का सिर अब तक बरामद नहीं हो सका है।

बेहद शातिराना तरीके से की गई वारदात
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव को किसी धारदार हथियार या इलेक्ट्रॉनिक कटर से काटा गया है। पुलिस के मुताबिक, शव पर किसी अन्य प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं। हत्यारों ने शव को इस तरह पैक किया था कि खून के धब्बे बाहर न आ सकें और किसी को भनक तक न लगे।

ग्रामीण परिवेश की हो सकती है युवती
पुलिस के अनुसार, युवती ने रंग-बिरंगा सूट पहन रखा था। उसके पहनावे को देखकर आशंका जताई जा रही है कि वह ग्रामीण परिवेश से जुड़ी हो सकती है। हालांकि जांच एजेंसियां फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही हैं।

20 रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी खंगाले जाएंगे
एसीपी रेलवे रोहित मिश्र ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। युवती की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने के लिए ट्रेन के पूरे रूट की जांच की जा रही है।
छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस करीब 20 स्टेशनों से गुजरती है और लगभग 12 घंटे में सफर पूरा करती है। ऐसे में पुलिस अब रूट के सभी प्रमुख स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बक्सा और बैग लेकर ट्रेन में कौन सवार हुआ था।

यात्रियों की सूची भी खंगाल रही पुलिस
जांच एजेंसियां स्लीपर कोच एस-1 में यात्रा करने वाले आरक्षित टिकट धारकों का ब्योरा जुटा रही हैं। हालांकि सामान्य टिकट वाले यात्रियों की मौजूदगी जांच को और जटिल बना सकती है।

रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप
चलती ट्रेन में इस तरह शव मिलने की घटना ने रेलवे प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल से लेकर गोरखपुर मुख्यालय तक अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस युवती की पहचान के साथ-साथ हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static