लखनऊ में डबल मर्डर: मायके में रह रही पत्नी को घर नहीं ला पाया दामाद, गुस्से में सास-ससुर को बेरहमी से उतारा मौत के घाट
punjabkesari.in Thursday, Jul 03, 2025 - 10:02 AM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र के गढ़ी कनौरा में एक बहुत ही दुखद घटना हुई है, जिसने पूरे शहर को सदमे में डाल दिया है। एक दामाद ने अपनी सास और ससुर की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने मदद के जरिए आरोपी को तुरंत पकड़ लिया है।
गुस्साए दामाद ने सास-ससुर पर चाकू से किया जानलेवा हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम जगदीश है। उसने अपने ससुर अनंतराम (55 वर्ष) और सास आशा (50 वर्ष) पर चाकू से हमला किया। यह घटना बीते बुधवार की रात गढ़ी कनौरा इलाके में हुई। जांच में पता चला है कि जगदीश और उसकी पत्नी पूनम के बीच कई दिनों से झगड़ा चल रहा था। पूनम अपने मायके में माता-पिता के साथ रह रही थी। बुधवार की रात, जगदीश उनके घर पहुंचा और किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इस झगड़े के दौरान गुस्से में आकर जगदीश ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग वहां पहुंचे और शोर मचाने लगे। इससे आरोपी जगदीश घबरा गया और भागने लगा।
स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही गहन जांच
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। कुछ लोगों ने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। साथ ही हमला करने वाले चाकू को भी बरामद कर लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की जांच में पता चला है कि जगदीश और उसकी पत्नी पूनम के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। पूनम अपने माता- पिता के साथ रह रही थी, और जगदीश को यह बात बहुत बुरी लगी थी। इसी रंजिश के कारण उसने इस भयानक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अभी आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की पूरी जांच कर रही है।