''ऑनलाइन बिजनेस'' के नाम पर बड़ा खेल! UP Police ने पकड़ा करोड़ों की महाठगी करने वाला कॉल सेंटर, दबोचे गए 3 मास्टरमाइंड

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 01:09 PM (IST)

नोएडा : शहर की सेक्टर 63 थाना पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार करने वाले लोगों को ऑनलाइन क्रय-विक्रय उपलब्ध कराने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 63 पुलिस को एक महिला ने शिकायत की थी कि कुछ लोग यहां के व्यापारियों और उद्यमियों को फोन करके संपर्क करते हैं, तथा ऑनलाइन क्रय-विक्रय उपलब्ध कराने का झांसा देकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि जांच के क्रम में आज पुलिस ने एक सूचना के आधार पर सेक्टर 63 में अवैध कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए मौके से रणवीर सिंह निवासी इंदिरापुरम-गाजियाबाद, ललित कुमार निवासी सेक्टर 49 नोएडा तथा ज्योति निवासी इंदिरापुरम-गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया। 

अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उद्योगपतियों, व्यापारियों से संपर्क कर उन्हें ऑनलाइन क्रय-विक्रय उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगने का काम करते थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों के पास से पुलिस ने 39 स्मार्टफोन, 9 कीपैड मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, 36 सीपीयू, 32 सिम कार्ड तथा दस्तावेज बरामद किए हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static