वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बने UP के पहले ‘उत्कृष्ट विधायक'', विधानसभा में विशेष समारोह में किया गया सम्मानित, 9 बार रह चुके हैं MLA

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 12:06 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा ने पहली बार सदस्यों के मध्य से एक उत्कृष्ट विधायक को चयन किया है। इस बार संसदीय कार्य मंत्री एवं वित्त मंत्री, सुरेश कुमार खन्ना को उत्कृष्ट विधायक चुना गया है। एक सरकारी बयान के मुताबिक उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली के अंतर्गत गठित "उत्कृष्ट विधायक समिति" की बैठक विधानसभा सतीश महाना की अध्यक्षता में विधान भवन में हुई। 

इस बैठक में उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, नामित वरिष्ठ सदस्य विधानसभा रमापति शास्त्री एवं नामित वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह ने भाग लिया। उत्तर प्रदेश विधानसभा के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि सदस्यों के मध्य से एक उत्कृष्ट विधायक का चयन किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने एक बयान में कहा कि विधानसभा के 403 सदस्यों के मध्य से दीर्घ अनुभव, संसदीय प्रक्रिया आदि के विशिष्ट ज्ञान एवं सदन में विशिष्ट योगदान तथा समितियों एवं सदन की अन्य गतिविधियों में योगदान आदि के आधार पर उत्कृष्ट विधायक का चयन किया जाना था। 

महाना ने कहा कि सम्यक विचारोपरांत सर्वसम्मति से उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री एवं वित्त मंत्री, सुरेश कुमार खन्ना को उत्कृष्ट विधायक के पुरस्कार हेतु चुना गया है। सुरेश कुमार खन्ना लगातार नौ बार से शाहजहांपुर से निर्वाचित हैं। वह सदन के वरिष्ठतम सदस्यों में से हैं। खन्ना का संसदीय ज्ञान एवं उनका सदन में योगदान उल्लेखनीय रहा है। वह विपक्ष में भी भारतीय जनता पार्टी के विधायक मंडल दल के नेता रहे हैं एवं वह विभिन्न समितियों के प्रमुख रहे हैं। समिति द्वारा चयनित किए गए उत्कृष्ट विधायक के पुरस्कार के रूप में एक विशिष्ट समारोह का आयोजन सदन में प्रस्तावित है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static