UP Weather Alert: मई में सावन जैसा नजारा, UP में 730% ज्यादा बरसे बादल, टूटे कई सालों के रिकॉर्ड

punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 12:30 PM (IST)

Record Rainfall in UP : उत्तर प्रदेश में मई के पहले सप्ताह में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश ने मौसम वैज्ञानिको को हैरान कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार एक से सात मई के बीच प्रदेश में सामान्य 3.3 मिमी के मुकाबले 27.4 मिमी वर्षा हुई जो सामान्य से लगभग 730 प्रतिशत अधिक है। बेमौसम बारिश और लगातार बादल छाए रहने के कारण प्रदेशभर में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई तथा कई शहरों में मई माह के न्यूनतम अधिकतम तापमान के पुराने रिकॉर्ड टूटने की स्थिति बन गई। 

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य 2.7 मिमी के मुकाबले 23.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य 3.8 मिमी के मुकाबले 30.1 मिमी बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मई के पहले सप्ताह में इतनी अधिक वर्षा सामान्य स्थिति नहीं मानी जाती। बारिश और ठंडी हवाओं का असर तापमान पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। पांच मई को लखनऊ का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 11.4 डिग्री कम था। यह मई माह में लखनऊ का दूसरा सबसे कम अधिकतम तापमान माना गया। इससे पहले मई 2021 में 27.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था। 

इसी दिन आगरा में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पूर्वांचल में भी मौसम का प्रभाव असामान्य रूप से देखने को मिला। एक मई को गोरखपुर में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 11.7 डिग्री कम था। यह मई माह में गोरखपुर का तीसरा सबसे कम अधिकतम तापमान रहा। वहीं बलिया में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 9.8 डिग्री कम रहा और इसे मई माह का पांचवां सबसे कम अधिकतम तापमान माना गया।        

यह भी पढ़ें: Instagram पर जिस अजनबी से हुआ प्यार वो निकली पत्नी, मंदिर में डेट करने पहुंचा तो...

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बेमौसम बारिश का सिलसिला एक मार्च से लगातार जारी है। एक मार्च से सात मई के बीच पूरे उत्तर प्रदेश में सामान्य 18.2 मिमी के मुकाबले 48.8 मिमी वर्षा हुई जो सामान्य से 168 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 46.9 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि सामान्य आंकड़ा 19.4 मिमी है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य 17.4 मिमी के मुकाबले 50.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।        

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार आठ से 14 मई के बीच प्रदेश में कुल मिलाकर सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान जताया है जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है। 

15 से 21 मई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसी बड़े वर्षा तंत्र की संभावना नहीं जताई गई है। राजधानी लखनऊ में अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने की संभावना व्यक्त की गई है। यहां दिन का तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस तथा रात का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।      

मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं जबकि झोंकों के दौरान इनकी गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News

static