खामेनई की मौत के बाद लखनऊ की सड़कों पर उतरे लोग, रोने लगे और आक्रोश में लगाए नारे...किया ये बड़ा ऐलान
punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 12:22 PM (IST)
UP News: अमेरिकी और इजरायली हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी शोक और आक्रोश का माहौल है। राजधानी में तीन दिन के शोक का ऐलान किया गया है। मौत की खबर मिलने के बाद लोग सड़कों पर उतर आए और डोनाल्ड ट्रंप मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।
आक्रोश में लगाए नारे
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के थाना सहादतगंज क्षेत्र और छोटे इमामबाड़े के पास शिया समुदाय के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। लोगों ने खामेनेई की मौत पर शोक जताया। इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए डोनाल्ड ट्रंप मुर्दाबाद के नारे लगाए। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भारी पुलिस बल तैनात है।
तीन दिन के शोक का ऐलान
इस बड़े घटनाक्रम के बाद लखनऊ में तीन दिन के शोक का ऐलान किया गया है। ये ऐलान प्रख्यात शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने किया है। उन्होंने समुदाय के लोगों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखें। शिया समाज और सभी 'इंसानियत परस्त' लोगों से आह्वान किया है कि आज रात 8 बजे पूरे मुल्क में एक ही समय पर शोक सभाएं आयोजित की जाएं।
गौरतलब है कि ईरानी सरकारी टेलीविजन ने रविवार को खामेनेई की मौत की पुष्टि की। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के अनुसार, शनिवार को अमेरिका द्वारा किए गए मिसाइल हमले में उनकी मृत्यु हुई। खामेनेई की मौत के अमेरिकी शहरों में लोगों के समूह सड़कों पर उतर आए, जिनमें से कुछ ईरान पर हमलों का जश्न मना रहे थे जबकि अन्य इनके विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।

