''बच सकते हो तो बच लो...'' बृजभूषण और प्रतीक भूषण सिंह को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 09:59 AM (IST)
Gonda News: गोंडा जिले की सदर सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक प्रतीक भूषण सिंह और उनके पूर्व सांसद पिता बृजभूषण शरण सिंह को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में धमकी देने वाला युवक राजस्थान का रहने वाला और मानसिक रूप से विक्षिप्त पाया गया है।
मामले की जांच में राजस्थान का युवक निकला आरोपी
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर आनंद राय ने बताया कि 14 जून को सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह के निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से फोन कॉल आई थी। फोन उठाने पर दूसरी तरफ मौजूद युवक ने विधायक से उनकी पहचान पूछने के बाद कहा कि उन्हें और उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह को जान से मार दिया जाएगा। आरोपी ने यह भी कहा कि इसके लिए इंतजाम हो चुका है और यदि बच सकते हैं तो बच लें। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की तहरीर पर नगर कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ ने बताया कि जांच के दौरान धमकी देने वाले युवक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के मांडा थाना क्षेत्र निवासी संदीप शर्मा के रूप में हुई है। स्थानीय पुलिस से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त है और उसका इलाज जयपुर मेडिकल कॉलेज से चल रहा है।
कई राज्यों के नेताओं को धमका चुका है आरोपी
राय के अनुसार, मांडा थाना की पुलिस ने बताया कि आरोपी इससे पहले भी गूगल के माध्यम से कई राज्यों के जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर तलाश कर उन्हें धमकी दे चुका है। इन मामलों की जांच के लिए संबंधित राज्यों की पुलिस भी वहां पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी के परिजनों को उसे मोबाइल फोन उपलब्ध न कराने और उसका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिस मोबाइल से कॉल की गई थी, उसकी जांच की जा रही है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि विधायक समेत उनका परिवार लंबे समय से विभिन्न अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों और प्रतिबंधित संगठनों के निशाने पर रहा है। पूर्व में भी कई अपराधी और असामाजिक तत्व इस तरह की धमकियां दे चुके हैं। ऐसे में निर्वाचित जनप्रतिनिधि और उनके परिवार को धमकी देना गंभीर विषय है।
लगातार दूसरी बार विधायक हैं प्रतीक भूषण, पिता को मिली है Y+ सुरक्षा
प्रतीक भूषण सिंह गोंडा सदर विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए हैं। उनके छोटे भाई करण भूषण सिंह कैसरगंज से भाजपा सांसद हैं। वहीं, बृजभूषण शरण सिंह देवीपाटन मंडल की अलग-अलग सीट से 6 बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं और भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष भी रहे हैं। वर्तमान में उन्हें वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।

