प्यार, ब्लैकमेल और खौफनाक अंत! प्रेमिका ने भाई-भाभी के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट, तेजाब से जलाया चेहरा
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 12:38 PM (IST)
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक प्रेम कहानी का ऐसा रूह कंपा देने वाला अंत हुआ है, जिसने रिश्तों और भरोसे की धज्जियां उड़ा दी हैं। रसड़ा थाना क्षेत्र के लोहटा गांव में 10 फरवरी को मिली एक अज्ञात लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह हत्या महज एक अपराध नहीं, बल्कि ब्लैकमेलिंग से तंग आकर रची गई एक खौफनाक साजिश का नतीजा थी।
चेहरा बिगाड़ा ताकि पहचान ना हो सके
10 फरवरी को जब लोहटा गांव में युवक का शव मिला, तो पुलिस भी हैरान रह गई। हत्यारों ने पहचान छिपाने के लिए युवक के चेहरे को तेजाब (Acid) से बुरी तरह झुलसा दिया था। हालांकि, पुलिस की वैज्ञानिक जांच और सर्विलांस की मदद से मृतक की पहचान आजमगढ़ निवासी पंकज गुप्ता के रूप में हुई।
ब्लैकमेलिंग का गंदा खेल और मौत की साजिश
पुलिस तफ्तीश में जो हकीकत सामने आई, उसने सबको चौंका दिया। पंकज का पास के ही एक गांव की युवती से प्रेम संबंध था। युवती की शादी होने के बाद वह रिश्ता खत्म करना चाहती थी, लेकिन आरोप है कि पंकज अश्लील वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। बदनामी के डर से परेशान युवती ने अपने भाई और भाभी को पूरी बात बताई। 5 फरवरी को एक शादी समारोह के दौरान परिवार ने पंकज को रास्ते से हटाने का फैसला किया। 7 फरवरी को योजना के तहत पंकज को मिलने के लिए बुलाया गया। वहां युवती ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और लाश को ठिकाने लगा दिया।
क्या कहते हैं जिम्मेदार?
बलिया के एसपी ओमवीर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पंकज गुप्ता युवती को अश्लील वीडियो और फोटो के जरिए परेशान कर रहा था। मानसिक दबाव में आकर युवती और उसके परिजनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में प्रेमिका समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 2 अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।

