साइनाइड, शराब और साजिश! पुलिस ने Mobile से पकड़ी प्रेमी-प्रेमिका की वो सर्च हिस्ट्री, जिसने उजाड़ दिए 3 परिवार
punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 11:58 AM (IST)
Meerut News: उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के दौराला थाना क्षेत्र में 3 अप्रैल को हुई ती3 लोगों की रहस्यमयी मौत का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी। एक बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही भाई को रास्ते से हटाने के लिए शराब में जहर मिला दिया, लेकिन इस खूनी खेल में 2 बेगुनाहों की भी जान चली गई।
कैसे शुरू हुआ मौत का तांडव?
घटना के दिन किराना व्यापारी बाबूराम (60), उनके कर्मचारी जितेंद्र (45) और ग्राहक अंकित उर्फ दौलत (32) की शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ी और अस्पताल ले जाते समय तीनों की मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस इसे जहरीली शराब का मामला मान रही थी, लेकिन जब जांच की परतें खुलीं, तो पूरी कहानी बदल गई।
बहन ही निकली भाई की कातिल
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अंकित की बहन अलका का अपने शादीशुदा प्रेमी पवन उर्फ पोली के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अंकित इस रिश्ते का कड़ा विरोध करता था और अक्सर अपनी बहन अलका के साथ मारपीट और बदतमीजी करता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर अलका ने पवन के साथ मिलकर भाई को मारने का प्लान बनाया।
गूगल सर्च ने खोल दी डिजिटल साजिश की पोल
हत्या की प्लानिंग बहुत शातिर थी, लेकिन आरोपी एक गलती कर बैठे। पुलिस ने जब संदिग्ध पवन को हिरासत में लेकर उसका मोबाइल चेक किया, तो उसकी गूगल सर्च हिस्ट्री ने सारा राज उगल दिया। पवन ने इंटरनेट पर जहरीले पदार्थों और उन्हें इस्तेमाल करने के तरीकों के बारे में सर्च किया था। कड़ाई से पूछताछ करने पर पवन और अलका ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
फेवीक्विक और साइनाइड का घातक कॉम्बिनेशन
साजिश को अंजाम देने के लिए पवन ने अपने जानकार सुनार अशोक से सोना गलाने वाला घातक जहर (साइनाइड जैसा) हासिल किया। पवन ने शराब के टेट्रा पैक को सावधानी से खोला और उसमें जहर मिला दिया। पैकेट को दोबारा फेवीक्विक से चिपका दिया गया ताकि वह बिल्कुल नया लगे। पवन ने रास्ते में अंकित को रोका और उसे वही मौत का पैकेट उपहार के तौर पर थमा दिया।
भाई को मारने के चक्कर में गई 2 और जान
अंकित वह जहरीली शराब लेकर अपने मालिक बाबूराम के कोल्हू (स्पेलर) पर चला गया। वहां उसने बाबूराम और कर्मचारी जितेंद्र के साथ मिलकर शराब पी ली। जहर इतना शक्तिशाली था कि तीनों ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। इस नफरत के खेल में व्यापारी बाबूराम और जितेंद्र की बिना किसी कसूर के जान चली गई।
पुलिस की कार्रवाई
मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी अलका, उसके प्रेमी पवन और जहर उपलब्ध कराने वाले सुनार अशोक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल केमिकल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
मास्क वाले डॉक्टर और CCTV बंद: कानपुर किडनी कांड की वो अनसुनी कहानी, जिसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए!

