Toll पर ड्राइवर की जल्दबाजी बनी काल! 4 सेकंड में Truck के नीचे आया दिव्यांग हेल्पर, मंजर देख कांप गई रूह

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 12:23 PM (IST)

Jhansi News: नेशनल हाईवे-27 स्थित रक्सा टोल प्लाजा पर एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। जहां एक ट्रक चालक की जरा सी जल्दबाजी ने उसके अपने ही साथी (हेल्पर) की जान ले ली। महज 4 सेकंड के भीतर घटे इस घटनाक्रम में 27 वर्षीय राजेश प्रजापति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

कैसे हुआ खूनी हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रक बिजौली से लोहे की छड़ें लादकर शिवपुरी की ओर जा रहा था। लेन नंबर-6 पर टोल कटवाने के बाद राजेश कुछ सामान लेने के लिए ट्रक से नीचे उतरा था। जैसे ही टोल का बूम बैरियर खुला, चालक ने बिना यह देखे कि उसका हेल्पर कहाँ है, ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी। सड़क पार कर रहा राजेश भारी-भरकम ट्रक के नीचे आ गया और ट्रक के 6 पहिए उसके ऊपर से गुजर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजेश को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

दिव्यांग होने के बावजूद उठा रहा था परिवार का बोझ
मृतक राजेश के भाई मातादीन ने बताया कि राजेश एक पैर से दिव्यांग (Handicapped) था। शारीरिक अक्षमता के बावजूद वह घर की गरीबी दूर करने और परिवार पालने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि ड्राइवर की चंद सेकंड की जल्दबाजी ने एक हंसते-खेलते गरीब परिवार का सहारा छीन लिया।

पुलिस की कार्रवाई और फरार चालक
हादसे के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस टोल प्लाजा पर लगे कैमरों की जांच कर रही है ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके। रक्सा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static