यूपी है, यहां नहीं चलेगा ये सब! 1 करोड़ की फिरौती, सुबह-सुबह अपहरण… लेकिन यूपी पुलिस ने 12 घंटे में कर दिया खेल खत्म!
punjabkesari.in Saturday, Jul 26, 2025 - 10:23 AM (IST)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के क्षेत्र गोरखपुर में बीते शुक्रवार को एक किडनैपिंग की घटना से पूरे जिले में हड़कंप मच गया। सेवानिवृत्त एयरफोर्सकर्मी और आयुष्मान हॉस्पिटल के संचालक अशोक जायसवाल शुक्रवार सुबह अचानक लापता हो गए। यह मामला जैसे ही सामने आया, पुलिस महकमा हरकत में आ गया। पुलिस की 6 टीमों ने दिनभर मेहनत कर अशोक जायसवाल को 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
सुबह स्विमिंग के लिए निकले थे, घर नहीं लौटे
मिली जानकारी के मुताबिक, अशोक जायसवाल का अस्पताल पादरी बाजार में है। वे रोज की तरह बीते शुक्रवार भी सुबह 5:30 बजे स्विमिंग करने के लिए रेलवे स्टेडियम गए थे। लेकिन जब सुबह 9 बजे तक वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी।
पत्नी को आया अपहरणकर्ताओं का फोन, मांगी 1 करोड़ की फिरौती
इसी दौरान करीब सुबह 10 बजे अशोक जायसवाल की पत्नी डॉ. सुषमा जायसवाल के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन पर मौजूद व्यक्ति ने बताया कि अशोक जायसवाल का अपहरण कर लिया गया है और उन्हें छोड़ने के लिए 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। अपहरणकर्ताओं ने कॉल पर अशोक जायसवाल से खुद भी बात करवाई, ताकि परिवार को भरोसा हो जाए। डॉ. सुषमा ने तुरंत इसकी जानकारी शाहपुर थाना पुलिस को दी।
मामले की जांच के लिए पुलिस की 6 टीमें गठित, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अभिनव त्यागी के नेतृत्व में पुलिस की 6 टीमें गठित की गईं। सर्विलांस और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। शाम होते-होते पुलिस ने अशोक जायसवाल को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों – करुणेश दुबे, श्याम सुंदर और जनार्दन गौड़ को गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ जारी है। घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है।
एसपी सिटी का बयान: निजी विवाद की आशंका
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला किसी लेन-देन या निजी विवाद से जुड़ा लग रहा है। हालांकि, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमों ने तेजी से काम करते हुए 12 घंटे में इस मामले को सुलझा लिया है।