प्यार, धोखा और खौफनाक अंत: युवक की हत्या कर कटर से किए टुकड़े,जंगल में जलाई लाश... पति-पत्नी गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 07:55 AM (IST)
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक युवक की हत्या कर शव के टुकड़े करने और सबूत मिटाने के लिए अवशेष जलाने के आरोप में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने अवैध संबंध से जुड़े इस सनसनीखेज हत्याकांड को सुलझाने का दावा किया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान विजय निषाद के रूप में हुई है और वह फतेहपुर जिले के टिकरा गांव का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि उसका पड़ोस में रहने वाली किरण देवी से करीब एक साल से प्रेम संबंध था।
गुजरात से लौटते ही पति ने पत्नी के साथ मिलकर किया मर्डर
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि किरण का पति कामता प्रसाद निषाद गुजरात में काम करता था और पत्नी के संबंध की जानकारी मिलने पर वह हाल ही में गांव लौटा था। उन्होंने बताया कि इसके बाद दंपति ने विजय की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, 8 मई को किरण ने विजय को मिलने के बहाने अपने घर बुलाया और पहले से मौजूद कामता ने लकड़ी के तख्ते से विजय के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद दंपति ने कटर मशीन व आरी से शव के टुकड़े किए और फिर शव को काजंगल में ले जाकर जलाने की कोशिश की हालांकि, शव पूरी तरह नहीं जल सका।
जंगल से मिले जले कंकाल, पैन और एटीएम कार्ड
पुलिस के मुताबिक, विजय के पिता इंद्रपाल निषाद ने 11 मई को बकेवर थाने में बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और मामले की जांच में पुलिस को विजय और किरण के संबंधों का पता चला। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दंपति ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घाटमपुर से विजय की मोटरसाइकिल और कानपुर के जंगल से आंशिक रूप से जले कंकाल के अवशेष, कपड़े, जूते, पैन कार्ड व एटीएम कार्ड बरामद कर लिए।

