UP में भीषण गर्मी का असर, राम मंदिर में 1 लाख से 40 हजार घटी श्रद्धालुओं की संख्या, काशी विश्वनाथ पर लगा शावर, मंदिरों में एसी-कूलर

punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 03:48 PM (IST)

अयोध्या/वाराणसी : भीषण गर्मी और तापमान के सामान्य से काफी ऊपर पहुंचने के कारण अयोध्या स्थित राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में 60 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सामान्य दिन में यहां रोजाना एक लाख से अधिक श्रद्धालु आते थे, लेकिन भीषण गर्मी के कारण अब यह संख्या घटकर 40 हजार से भी कम रह गई है। इस बीच, गर्मी से राहत के लिए मंदिर प्रशासन और नगर निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। 

श्रद्धालुओं के लिए की गईं कई सुविधाओं 
अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने बताया कि नगर निगम राम पथ और आसपास के क्षेत्रों में स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव कर रहा है। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन हजार भक्त की क्षमता का वातानुकूलित प्रतीक्षालय बनाया गया है। 

रामलला के लिए हुए अहम बदलाव 
उन्होंने कहा, ''बढ़ती गर्मी को देखते हुए रामलला के भोग में भी बदलाव किया गया है। लस्सी, फलों का रस, खासकर आम का रस रोजाना चढ़ाया जा रहा है। सोने के पात्र में शहद, दही, घी और जल का विशेष मिश्रण अर्पित किया जा रहा है।'' मिश्रा ने कहा, ''गर्मी में भगवान (प्रतिमा) को ठंडे जल से स्नान कराया जा रहा है। रामलला को हल्के सूती या हल्के रेशमी वस्त्र धारण कराए जा रहे हैं। गर्भगृह को ठंडा रखने के लिए कूलर लगाए गए हैं। भीषण गर्मी में बालरूप रामलला के आराम के लिए अनुष्ठानों में भी बदलाव किया गया है।'' 

काशी विश्वनाथ पर लगा शावर
वहीं वाराणसी में बढ़ती गर्मी को देखते हुए मंदिरों में भक्तों के साथ-साथ भगवान के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। व्यवस्था से जुड़े लोगों ने रविवार को यह जानकारी दी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने परंपरा के अनुसार अक्षय तृतीया से सावन मास तक श्री काशी विश्वनाथ के विग्रह पर 'कुंवरा' यानी शावर की स्थापना की है। मंदिर प्रशासन ने बताया कि अक्षय तृतीया से शिवलिंग पर निरंतर जलाभिषेक हो रहा है और इसके साथ ही बाबा का विभिन्न फलों के रस से भी अभिषेक किया जा रहा है। 

मंदिर में 24 घंटे एसी की सुविधा 
बटुक भैरव मंदिर के महंत जितेंद्र मोहन पुरी ने बताया कि गर्मी के मद्देनजर बाबा बटुक भैरव के गर्भगृह में 24 घंटे एसी चलाया जा रहा है। बाबा को सूती वस्त्र धारण कराए जा रहे हैं। भोग में दही, फल और ठंडी चीजें अर्पित की जा रही हैं। मंदिर परिसर में भक्तों के लिए ठंडे पानी और जगह-जगह कूलर की व्यवस्था की गई है। लोहटिया स्थित राम-जानकी मंदिर के पुजारी देवेंद्र नाथ चौबे ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए भगवान के लिए कूलर लगाए गए हैं। भगवान को सूती वस्त्र पहनाए जा रहे हैं और मौसमी फलों का भोग लगाया जा रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static