''मरकर दिखाओ, हां-हां ठीक है...'' बोलकर घर चली गई प्रेमिका, पीछे कमरे से मिली प्रेमी की ला/श... WhatsApp चैट खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 10:19 AM (IST)
Kanpur News: प्यार में शर्त और तानेबाजी इंसान को किस हद तक ले जा सकती है, इसकी एक खौफनाक मिसाल कानपुर के साकेत नगर से सामने आई है। जहां एक शादीशुदा महिला के ताने से आहत होकर उसके 22-23 साल के प्रेमी ने घर के अंदर ही फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मरने से पहले युवक चिल्लाता रहा कि मैं सच में मर जाऊंगा, लेकिन प्रेमिका ने बात को हंसकर टाल दिया और घर चली गई। कुछ ही देर बाद जब कमरे से युवक की लाश मिली, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
'क्या बोल रही हो, सच में मर जाऊंगा...'
साकेत नगर के रहने वाले मृतक सुबोध के पिता शेषनाथ की कुछ समय पहले ही मौत हुई थी। पिता के जाने के बाद मां लल्ली देवी और 2 बहनों की पूरी जिम्मेदारी सुबोध के ही कंधों पर थी, जो एक प्राइवेट कंपनी में काम करके घर चलाता था। परिजनों की मानें तो सुबोध का अफेयर मोहल्ले की ही 2 बच्चों की मां से चल रहा था। सोमवार सुबह सुबोध उस महिला को अपने घर लेकर आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। बात इतनी बढ़ी कि सुबोध ने इमोशनल होकर कहा कि मैं तुमसे अपनी जान से ज्यादा प्यार करता हूं। इस पर महिला ने ताना मारते हुए चुनौती दे दी कि मरकर दिखाओ तो मानूं कि कितना प्यार करते हो! सुबोध ने उसे चेताया भी कि वह सोच-समझकर बोले, क्योंकि वह सच में कदम उठा लेगा, लेकिन महिला हां-हां ठीक है कहकर अपने घर चली गई। महिला के जाते ही सुबोध ने अंदर से दरवाजा बंद किया और फंदे पर झूल गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस खंगाल रही चैट
घटना के कुछ देर बाद जब घरवाले सुबोध के कमरे में पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनकी चीख निकल गई। आनन-फानन में किदवई नगर थाना पुलिस को खबर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक सुबोध के मामा राजकिशोर ने सीधा आरोप लगाया है कि शादीशुदा महिला ने उनके भांजे को अपने जाल में फंसाया और उसी उकसावे की वजह से लड़के की जान गई है। मामले पर किदवई नगर थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सुसाइड की बात सामने आई है। सुबोध के मोबाइल को कब्जे में लेकर महिला के साथ हुई चैटिंग और कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की तरफ से लिखित शिकायत (तहरीर) का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

