केशव मौर्य का विपक्ष पर तंज- ''वोट चोरी'' मुद्दा नहीं, अब मतदाताओं ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया

punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 08:28 PM (IST)

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि वोट चोरी मुद्दा नहीं, अब मतदाताओं ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है। मौर्य ने इलाहाबाद-झांसी स्नातक खंड से विधान परिषद सदस्य पद के प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के समर्थन में मंगलवार को जिला मुख्यालय मंझनपुर के एक अतिथि गृह में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ''वोट चोरी मुद्दा नहीं, अब 'वोटरों' (मतदाताओं) ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है।'' उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी 2047 तक देश की सत्ता में और अखिलेश प्रदेश की सत्ता में आने वाले नहीं हैं।

 मौर्य ने गांधी पर विदेश दौरों के दौरान देश की छवि खराब करने का आरोप भी लगाया। आगामी स्नातक खंड से विधान परिषद चुनाव को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले का ''सेमी-फाइनल'' बताते हुए मौर्य ने भरोसा जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 23 अक्टूबर को होने वाले इस चुनाव में सभी 11 सीट पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा, ''हमने राज्यसभा की 10 में से आठ सीट जीती हैं। हम स्नातक और शिक्षक खंड से विधान परिषद की सभी 11 सीट जीतेंगे और विपक्ष के खाता खोलने की भी कोई संभावना नहीं दिखती है।

 मौर्य ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) पर सवाल उठाने के लिए विपक्ष की आलोचना भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल चुनाव जीतने पर ईवीएम को सही मानते हैं, लेकिन हारने पर ईवीएम को लेकर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा, ''जब किसी राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो ईवीएम को ठीक माना जाता है, लेकिन हारने पर उसे लेकर सवाल उठाए जाते हैं। जनता इस दोहरे रवैये को समझ गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static