''हवा में उछली कार और फिर...'', माफिया अतीक के बेटे आबान के एक्सीडेंट का LIVE वीडियो वायरल
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 12:26 PM (IST)
Jhansi News: झांसी-कानपुर हाईवे पर बीते 6 अगस्त को हुए भीषण सड़क हादसे का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। इस हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसे के करीब 6 दिन बाद सामने आए सीसीटीवी/डैशकैम फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से टकराती है और हवा में कई फीट ऊपर उछलते हुए सड़क पर पलट जाती है।
ये वोडिओ वायरल है
— Anand Singh Sonu (@SonuSin75882010) August 12, 2026
ऐसा बताया जा रहा है ये भीषण एक्सीडेंट का वीडिओ अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद का है ? pic.twitter.com/hdSicBbYXn
वायरल वीडियो अतीक के बेटे की कार के ठीक पीछे चल रहे एक अन्य वाहन के डैशबोर्ड कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। वीडियो में दिखता है कि हाईवे पर रफ्तार से जा रही कार अचानक सड़क से नीचे उतरती है और सामने से शुरू हो रहे डिवाइडर से टकरा जाती है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह हवा में हिचकोले खाते हुए सड़क पर पलट गई। यह पूरी घटना महज कुछ ही सेकंड में घटी, जिससे कार सवारों को संभलने का एक मौका तक नहीं मिला।
बता दें कि 6 अगस्त को आबान अहमद प्रयागराज से झांसी की ओर जा रहा था। झांसी जेल में उसका बड़ा भाई अली अहमद बंद है, जिससे मुलाकात के लिए वह निकला था। पूंछ थाना क्षेत्र के पास पहुंचते ही यह भयानक हादसा हो गया। कार में कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें से आबान और उसके दोस्त सोनू ने दम तोड़ दिया, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
छोटे भाई आबान की मौत के बाद लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद और झांसी जेल में बंद अली अहमद ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर अंतिम संस्कार में शामिल होने की इजाजत मांगी थी। कोर्ट से सशर्त पैरोल मिलने के बाद दोनों भाइयों को कड़ी पुलिस सुरक्षा में प्रयागराज लाया गया था।
ये भी पढ़ें:- '16 राज्यों में ठगी, सैकड़ों फर्जी खाते...', UP पुलिस ने साइबर गैंग के 2 शातिर दबोचे
आबान को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के ठीक पास दफनाया गया। जनाजे के दौरान पैरोल पर आए दोनों बड़े भाई उमर और अली अपने छोटे भाई के शव को देखकर बिलख-बिलख कर रो पड़े थे। फिलहाल पुलिस हादसे का नया वीडियो सामने आने के बाद कार की स्पीड और दुर्घटना के तकनीकी कारणों की जांच में जुट गई है।

