खूनी इश्क का खौफनाक अंजाम: भांजे के प्यार में पागल हुई मामी, जब सास बनी रोड़ा तो जहर देकर कर दिया काम तमाम
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 08:25 AM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। जहां एक बहू ने अपने ही भांजे के साथ मिलकर अपनी सास की हत्या कर दी। वजह सिर्फ इतनी थी कि सास को बहू और भांजे के अवैध संबंधों की भनक लग गई थी और वह इसका विरोध कर रही थी।
पहले चाय, फिर रोटी में जहर
पुलिस की जांच में जो खुलासा हुआ वह चौंकाने वाला है। आरोपी बहू शालिनी अपनी सास शांति देवी को रास्ते से हटाने के लिए काफी समय से कोशिश कर रही थी। करीब 10 दिन पहले शालिनी ने सास को चाय में जहर देकर मारने की कोशिश की, लेकिन स्वाद खराब होने के कारण सास ने चाय फेंक दी और उनकी जान बच गई। 5 अप्रैल को शालिनी ने रोटी बनाते समय उसमें कीटनाशक (जहर) मिला दिया। सास ने जैसे ही रोटी खाई, उन्हें कड़वाहट महसूस हुई और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
इराक से लौटे भांजे के साथ इश्क
मृतका के बेटे मनोज ने बताया कि उसका ममेरा भाई करण कुछ समय पहले ही इराक से लौटकर आया था। घर आने-जाने के दौरान मामी शालिनी और भांजे करण के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। जब शांति देवी को इस बात का पता चला, तो उन्होंने विरोध शुरू किया। इसी विरोध को शांत करने के लिए मामी-भांजे ने मिलकर खौफनाक साजिश रची।
कब्र से निकली लाश, खुला राज
शुरुआत में परिवार ने इसे सामान्य मौत मानकर शव को दफना दिया था। लेकिन जब घर में पन्नी में लिपटी 'जहरीली रोटी' मिली और शालिनी के बयान बदलने लगे, तो शक गहरा गया। पंचायत में सख्ती से पूछने पर शालिनी टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने प्रशासन से अनुमति लेकर शव को कब्र से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस की कार्रवाई
डीसीपी (पश्चिम) कमलेश दीक्षित ने बताया कि मृतका के बेटे की शिकायत पर काकोरी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी मामी शालिनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि हत्या की साजिश में शामिल भांजा करण फिलहाल फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।

