हाथ में स्टेयरिंग, बगल में ''गर्लफ्रेंड'' और सड़क पर बिछ गई लाशें! लखनऊ में स्कूल फेयरवेल से लौट रहे छात्र का खूनी खेल
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 06:45 AM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कानपुर के चर्चित 'लैंबॉर्गिनी कांड' की यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि लखनऊ के बंथरा इलाके में एक 12वीं के छात्र ने अपनी कार से 6 लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक 6 साल के बच्चे की जान चली गई है।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार, 12 फरवरी की शाम करीब 6 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, कानपुर रोड पर स्थित हनुमान मंदिर (बंथरा कस्बा) के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पहले एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद अनियंत्रित होकर कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि 12वीं कक्षा का एक छात्र (जो कथित तौर पर स्कूल फेयरवेल से लौट रहा था)। छात्र के साथ उसकी एक महिला मित्र (गर्लफ्रेंड) भी मौजूद थी। हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए, जिनमें से 6 वर्षीय दीक्षांत पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घायलों की सूची
इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में अरमान (12 वर्ष), अवध बिहारी (42 वर्ष), साधना वर्मा (35 वर्ष), मीना देवी (60 वर्ष), दीक्षांत पटेल (6 वर्ष) - निधन।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
हादसे के तुरंत बाद आरोपी छात्र घबरा गया। उसने अपनी महिला मित्र को रास्ते में ही उतार दिया और कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब लड़की से पूछताछ की तो उसकी निशानदेही पर दुर्घटना में शामिल स्विफ्ट कार को बरामद कर लिया गया है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि छात्र स्कूल से लौट रहा था। कार बरामद कर ली गई है और फरार छात्र की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं।

