वाराणसी को क्योटो नहीं बनाया जा सकता तो कम से कम इसे कुत्ता मुक्त तो बना दें : अखिलेश यादव
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 02:09 PM (IST)
लखनऊ : समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर वाराणसी को क्योटो नहीं बनाया जा सकता तो कम से कम इसे कुत्ता-मुक्त बना दें। अखिलेश यादव ने अपने 'एक्स' हैंडल पर बीएचयू अस्पताल (सर सुंदरलाल अस्पताल) की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें अस्पताल के अंदर कुत्तों को देखा जा सकता है।
अखिलेश यादव ने कहा, "अगर आप इसे क्योटो नहीं बना सके तो कुकुरमुक्त (कुत्ता-मुक्त) ही कर दीजिए। कम से कम प्रधान संसदीय क्षेत्र के प्रधान अस्पताल को तो सुधरवा दीजिए।'' यादव परोक्ष रूप से 2014 में हस्ताक्षरित उस समझौते का जिक्र कर रहे थे, जिसके तहत जापानी शहर क्योटो के अनुभव का उपयोग करते हुए वाराणसी का विकास किया जाना था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ''अगर डबल इंजन में टकराहट नहीं है तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से कहकर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री (ब्रजेश पाठक) का क़ायदे से हालचाल पूछकर, इस दुर्गति के लिए उनका फ़ुल चेकअप और सही इलाज करवा दीजिए और हमेशा के लिए आराम करने के लिए घर भेज दीजिए मतलब अस्पताल के पदभार से परमानेन्ट छुट्टी दिलवा दीजिए।''
यादव ने कहा, ''कहीं ऐसा तो नहीं कि आपस में टकराते हुए 'डबल इंजन' की कोई 'डबल चाल' है, जो आपको बदनाम करना चाहती है।'' यादव की पोस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तर प्रदेश की दो दिवसीय यात्रा शुरू होने से कुछ घंटे पहले आई। प्रधानमंत्री वाराणसी में महिला सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, लगभग 6,350 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे तथा अपने संसदीय क्षेत्र में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

