पैटीज खाते ही उड़ गए होश, अंदर चल रहे थे जिंदा कीड़े! अलीगढ़ के नामी आउटलेट पर FSDA का छापा
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 12:02 PM (IST)
Aligarh News: अलीगढ़ से खाने-पीने की चीजों में लापरवाही का एक ऐसा मामला सामने आया है, जो बाहर का खाना पसंद करने वालों को डरा सकता है। जहां एक नामी फूड चेन के आउटलेट पर मिलने वाली वेजिटेबल पैटीज में कीड़े रेंगते हुए पाए गए। इस गंभीर शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग (FSDA) ने तुरंत एक्शन लेते हुए आउटलेट पर छापा मारा और जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना अलीगढ़ के ग्रांड ट्रंक रोड स्थित एक नामी स्कूल के पास मौजूद फूड आउटलेट की है। मिली जानकारी के मुताबिक, एक ग्राहक ने वहां से 4 वेजिटेबल पैटीज खरीदी थीं। जब वह पैटीज खा रहा था, तो उसे उसमें कुछ अजीब और संदिग्ध चीज दिखाई दी। ध्यान से देखने पर पता चला कि पैटीज के अंदर गंदगी थी और उसमें कीड़े चल रहे थे। ग्राहक ने बिना देर किए इस पूरी घटना की शिकायत बन्नादेवी पुलिस थाने और खाद्य सुरक्षा विभाग से कर दी।
विभाग की टीम ने मारा छापा
शिकायत मिलते ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम हरकत में आई और उस फूड आउटलेट पर औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गई। अधिकारियों ने मौके पर जाकर उस बैच की खाद्य सामग्री की जांच की और सैंपल (नमूने) सील कर दिए। इन सैंपल्स को जांच के लिए आगरा की सरकारी लैबोरेट्री (प्रयोगशाला) भेजा गया है।
लैब रिपोर्ट पर टिकी कार्रवाई
FSDA के अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सीधे तौर पर लोगों की सेहत से जुड़ा है, इसलिए इसे बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल पैटीज और अन्य सामग्रियों के नमूने लैब भेजे गए हैं। वहां से रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि खाना तय मानकों के हिसाब से था या नहीं। विभाग ने साफ किया है कि अगर लैब रिपोर्ट में मिलावट या स्वच्छता के नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित फूड चेन और आउटलेट के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी याद दिलाया कि ग्राहकों को साफ-सुथरा और सुरक्षित खाना देना हर दुकानदार और फूड चेन की जिम्मेदारी है। फिलहाल, अब हर किसी की नजर आगरा लैब से आने वाली रिपोर्ट पर टिकी है, जिसके बाद ही अगली कार्रवाई तय होगी।

