पैर में गोली लगते ही उगली सच्चाई, 50 हजारी इनामी समेत 4 बदमाश दबोचे... बैग खोला तो उड़े पुलिस के होश
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 12:38 PM (IST)
Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद सीतापुर के इनामी बदमाश सहित 4 शातिर चोर गिरफ्तार किए गए और उनके कब्जे से 11 लाख रुपए नकद और अवैध हथियार बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पीढ़ी टोल के पास पुलिस को यह सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति एक वाहन से उनके क्षेत्र में घूम रहे हैं और चोरी की घटनाओं को अंजाम देना चाहते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम ने जब उन लोगों की घेराबंदी की और उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर गोली चलाई और भागने का प्रयास किया जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई कर चार अभियुक्तों अनिकेत, आकाश, मिथलेश व अनन्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में तीन बदमाश घायल हो गए। घायलों को जयसिंहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजनारायण सिंह ने आरोपियों की पहचान सीतापुर ज़िले के नरेंद्रपुर गांव के अनिकेत चौहान के तौर की है, उस पर लगभग 52 मामले दर्ज हैं और 50,000 रुपए का इनाम है। आरोपियों में सीतापुर के बीबीपुर गांव के आकाश (जिस पर 46 मामले हैं), सीतापुर के मथुआपुर गांव के मिथिलेश चौहान (जिसके खिलाफ 26 मामले दर्ज हैं) और सुल्तानपुर के बीबीपुर इमलिया के अजय उर्फ अनंत राम (जिसके खिलाफ 22 मामले हैं) शामिल हैं।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से 3 देसी पिस्तौल, 22 कारतूस, लगभग 11 लाख रुपए नकद, एक जीप और कुछ गहने जब्त किए। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर लंबे समय से कई पड़ोसी जिलों में चोरी करने की बात कबूल की और कहा कि वे एक और चोरी करने के इरादे से इस इलाके में आए थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

