एक्शन में मायावती, BSP सरकार में मंत्री रहे अंटू मिश्रा को पार्टी से निकाला, दिया सख्त संदेश
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 03:38 PM (IST)
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने अपनी पूर्ववर्ती सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में बृहस्पतिवार को दल से निष्कासित कर दिया। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर इस संबंध में ऐलान करते हुए कहा, ''उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अन्टू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के फलस्वरूप आज तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
कार्यकर्ताओं को दिया ये संदेश
उन्होंने कहा, ''राज्य में चुनावी माहौल के बीच पार्टी के सभी स्तर के लोग अपने विरोधियों के तमाम हथकंडों से सावधान रहते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ बसपा के आंबेडकरवादी मिशन को आगामी विधानसभा चुनाव में सफल बनाने में पूरे जी जान से जुटे रहें। अनंत कुमार मिश्रा 2007 में बनी बसपा की पूर्ववर्ती सरकार में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री थे।
पार्टी विरोधी गतिविधियों में इन लोगों पर हो चुकी है कार्रवाई
मायावती ने इससे पहले अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य अशोक सिद्धार्थ और पंजाब, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर में पार्टी के समन्वयक रणधीर सिंह बेनीवाल को भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में दल से निष्कासित कर दिया था।
ये भी पढ़ें:- मायावती का संसद में सत्ता-विपक्ष पर वार, बोलीं- ‘दोनों अपने-अपने स्वार्थ की लड़ाई लड़ रहे’
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सत्तापक्ष और विपक्ष पर संसद सत्र के दौरान ''अपने-अपने स्वार्थ की लड़ाई लड़ने'' का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्ष के सदन की कार्यवाही नहीं चलने देने का सरकार अपनी मर्जी से विधेयक पारित करवाकर फायदा उठा रही है।

