''AI समिट'' में विरोध-प्रदर्शन पर भड़कीं मायावती, कांग्रेस को सुनाई दो टूक

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 04:46 PM (IST)

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने शनिवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा एक दिन पहले दिल्ली में 'एआई इंपैक्ट समिट' के दौरान ''कमीज उतारकर किए गए विरोध-प्रदर्शन'' को अति-अशोभनीय व निंदनीय करार दिया। बसपा नेता ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''नयी दिल्ली में आयोजित 'एआई इम्पैक्ट समिट', जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में था, इस दौरान जिन भी लोगों ने अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है।

उन्होंने कहा, ''अगर यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिंता की बात है अर्थात अपने देश की गरिमा व छवि को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा।

गौरतलब है भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को 'एआई इम्पैक्ट समिट' के एक प्रदर्शनी हॉल में नाटकीय ढंग से 'कमीज उतारकर विरोध' प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे वाली टी-शर्ट पकड़ी हुई थी, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया। विपक्ष को लोकतंत्र में मुद्दे उठाने का पूरा अधिकार है, लेकिन उसे ऐसा राष्ट्र की गरिमा की कीमत पर नहीं करना चाहिए। भाजपा ने इस घटना के लिए कांग्रेस नेतृत्व जिम्मेदार माना है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static