मेरठ में मोबाइल फोन बना मौत की वजह! 84 CCTV कैमरों की मदद से खुला राज, सानिया की हत्या में मामा गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 07:55 AM (IST)
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक नाबालिग लड़की की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दिए जाने के आरोप में उसके मामा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि लोहिया नगर थानाक्षेत्र के नरहाड़ा गांव में शनिवार सुबह आम के एक बाग से किशोरी का शव बरामद हुआ।
मोबाइल पर लड़कों से बात करने से नाराज था परिवार
पुलिस ने बताया कि मृत किशोरी की पहचान हुमायूंनगर निवासी सानिया के रूप में की गई है। भोंसले के अनुसार पुलिस ने 84 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर सानिया के मामा सरताज को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सरताज ने बताया कि किशोरी के मोबाइल फोन पर लड़कों से बातचीत करने को लेकर परिवार में नाराजगी थी, इसी वजह से उसने और सानिया के सौतेले भाई सोएब ने कथित तौर पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
मामला दर्ज कर फरार सौतेले भाई की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक बाद में शव को नरहाड़ा में आम के बाग में ले जाकर झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस का कहना है कि सानिया के पिता जावेद की शिकायत पर लोहिया नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सरताज को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी शोएब की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।

