सड़क किनारे खड़ी कार में मिले ड्राइवर और प्लंबर के शव, हत्या या हादसा के बीच उलझी पुलिस

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 06:43 PM (IST)

यूपी डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में एक कार के अंदर दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामला आईएनए थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार सड़क किनारे नाले के पास एक सफेद रंग की कार खड़ी होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान वहां एक सफेद रंग की Hyundai Aura कार खड़ी मिली, जिसके शीशे बंद थे लेकिन गाड़ी लॉक नहीं थी। कार के अंदर से बदबू आने पर पुलिस ने जांच की तो अंदर दो लोग मृत अवस्था में मिले।

कार के अंदर मिले शराब के पाउच
पुलिस को कार के अंदर से शराब के तीन पाउच भी मिले, जिनमें दो सीलबंद और एक खुला हुआ था। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों ने शराब का सेवन किया हो सकता है।

दोपहर से खड़ी थी कार
स्थानीय लोगों से पूछताछ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि कार पिछले दिन दोपहर करीब दो बजे से वहीं खड़ी थी। उसके बाद किसी व्यक्ति को कार में आते-जाते नहीं देखा गया।

दोनों मृतकों की हुई पहचान
जांच के दौरान दोनों शवों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में एक की पहचान विकास (42) के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था और दिल्ली के खेड़ा खुर्द स्थित बेडकर कॉलोनी का रहने वाला था। उसका शव कार की ड्राइविंग सीट पर मिला। दूसरे मृतक की पहचान बिजेंद्र उर्फ भोला (36) के रूप में हुई है, जो पेशे से प्लंबर था और उसका शव कार की पिछली सीट पर मिला।

कार मालिक यूपी का रहने वाला
पुलिस के मुताबिक कार का मालिक राकेश कुमार है, जो मूल रूप से शाहजहांपुर का रहने वाला है और फिलहाल दिल्ली में किराए के मकान में रहता है।

दम घुटने से मौत की आशंका
प्रारंभिक जांच में दोनों शवों पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का मानना है कि बंद कार में बैठने के कारण दम घुटने से मौत हो सकती है। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static