शादीशुदा और गर्भवती... फिर भी प्रेमी के साथ बनी लुटेरी! Ayodhya में बुर्का पहन सर्राफा व्यापारी को लूटने वाली निकली हिंदू

punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 12:39 PM (IST)

Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में एक ऐसी लूट की वारदात सामने आई है, जिसकी कहानी सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए। रुदौली क्षेत्र में एक बुर्का पहनी महिला ने फिल्मी अंदाज में ज्वेलरी शॉप पर धावा बोला। लेकिन जब पुलिस ने महज 2 घंटे में इसका खुलासा किया, तो पता चला कि बुर्के के पीछे कोई और नहीं, बल्कि एक हिंदू विवाहित महिला थी, जो अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दे रही थी।

मिठाई मंगवाई और फिर निकाल लिया तमंचा
घटना रुदौली के कोठी बाजार की है, जहां महेश ज्वेलर्स नाम की दुकान पर दोपहर में एक बुर्का पहनी महिला पहुंची। उसने दुकानदार से सोने का हार और चेन दिखाने को कहा। शातिर महिला ने दुकानदार और कर्मचारियों को उलझाने के लिए गजब की प्लानिंग की थी। पहले उसने पीने के लिए पानी मांगा। फिर उसने समोसा खाने से मना कर दिया और कर्मचारी को बर्फी लेने बाजार भेज दिया। जैसे ही दुकानदार अन्य गहने अलमारी में रखने के लिए मुड़ा, महिला ने काउंटर पर रखा 3.6 लाख का सोने का हार और चेन उठा लिया। जब दुकानदार ने उसे टोका, तो महिला ने कमर से पिस्तौल (जो बाद में खिलौना निकली) तान दी और धमकी दी कि आगे बढ़े तो गोली मार दूंगी।

प्रेमी बाइक लेकर गली के बाहर था तैयार
लूट के बाद महिला दुकान से भागकर कुछ दूरी पर खड़ी एक बाइक पर जाकर बैठ गई, जहां उसका प्रेमी राहुल पहले से इंतजार कर रहा था। दोनों पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए। हालांकि, भागते समय वे सीसीटीवी कैमरे की नजर से नहीं बच पाए।

खुलासे में निकली प्रेमकथा और साजिश
पुलिस जांच में जो सच सामने आया, उसने सबको चौंका दिया। लुटेरी महिला कोई और नहीं बल्कि बाबा बाजार क्षेत्र की रहने वाली पायल निकली। पायल शादीशुदा है और 4 महीने की गर्भवती है। पायल अपने पति के साथ पंजाब में रहती थी। वह 16 अप्रैल को अपनी इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा देने के लिए मायके आई थी, जहां उसने अपने पुराने प्रेमी राहुल के साथ मिलकर इस लूट की साजिश रची। हिंदू होने के बावजूद पायल ने बुर्का पहना ताकि सीसीटीवी या चश्मदीद उसे पहचान न सकें।

2 घंटे में पुलिस ने दबोचा
अयोध्या पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और वारदात के 2 घंटे के भीतर ही पायल और उसके प्रेमी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूटा गया हार, चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई नकली पिस्तौल और बाइक बरामद कर ली है।

परिवार का इनकार
पायल के पिता का कहना है कि आरोपी राहुल से उनके परिवार का कोई लेना-देना नहीं है। वहीं, राहुल के बारे में पता चला है कि वह बेरोजगार है और अपनी मां के साथ अलग रहता है। फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static