पति को छोड़ छोटे युवक संग भागी 3 बच्चों की मां, आगरा में मिली तो दिया यह हैरान कर देने वाला जवाब
punjabkesari.in Saturday, Mar 08, 2025 - 12:43 PM (IST)

Agra News: गुजरात के सूरत शहर की पुलिस पिछले कई दिनों से एक महिला की तलाश कर रही थी, जो अपने 3 बच्चों को छोड़कर भाग गई थी। इस महिला की उम्र करीब 47 साल है, और उसका प्रेमी 22 साल का युवक है, जो आगरा का निवासी है। दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुई थी, जो बाद में एक प्रेम कहानी में बदल गई।
जानिए, कैसे खुला मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, सूरत की रहने वाली इस महिला की दोस्ती आगरा के एक लड़के से सोशल मीडिया पर शुरू हुई। कुछ समय तक उनकी बातचीत सोशल मीडिया के जरिए होती रही, लेकिन बाद में दोनों ने एक-दूसरे से मिलने का फैसला किया। महिला बिना किसी को बताए अपने घर से निकल गई और आगरा पहुंच गई। इस दौरान महिला के परिवारवालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट सूरत पुलिस में दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की और उन्हें महिला के सोशल मीडिया अकाउंट से अहम सुराग मिले। उस अकाउंट पर महिला कई दिनों से आगरा के एक लड़के से बातचीत कर रही थी। इसके बाद सूरत पुलिस ने आगरा पुलिस से संपर्क किया, और दोनों पुलिस टीमों की मदद से महिला को ढूंढने का काम शुरू हुआ।
आगरा में मिली महिला, बच्चों को पहचानने से किया इनकार
सूरत पुलिस की टीम ने आगरा पुलिस की मदद से महिला के प्रेमी के घर का पता लगाया। महिला के तीनों बच्चे भी पुलिस के साथ थे, लेकिन महिला ने अपने बच्चों को पहचानने से मना कर दिया। महिला ने बताया कि वह 28 फरवरी को आगरा आई थी और अब वह अपने प्रेमी के साथ एक नया घर बसाएगी। वहीं इस मामले में सूरत पुलिस ने महिला के बालिग होने के कारण कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने महिला को आगरा में ही छोड़ दिया और अब इस मामले में कोई और कार्रवाई नहीं होगी।