मंच पर ठहाके और रवि किशन की खिंचाई: CM योगी बोले- सांसद तो नाच गाकर कमा लेंगे, कालीबाड़ी के बाबा कहां जाएंगे?
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 10:57 AM (IST)
Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गृह जनपद गोरखपुर के पाण्डेयहाता में आयोजित होलिका दहन उत्सव में शिरकत की। जहां सीएम का एक अलग ही रूप देखने को मिला, वहां उन्होंने एक तरफ विकास की बड़ी घोषणाएं कीं, तो दूसरी तरफ अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में सांसद रवि किशन पर तंज कसकर पूरी सभा को ठहाकों से सराबोर कर दिया।
पाण्डेयहाता को मिलेगा विरासत गलियारा और व्यापारियों को कॉम्प्लेक्स
सीएम योगी ने पाण्डेयहाता की संकरी गलियों के कायाकल्प का खाका पेश किया। उन्होंने घोषणा की कि इन गलियों को चौड़ा कर एक विरासत गलियारा बनाया जाएगा, जो शहर का सबसे सुंदर हिस्सा होगा। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय व्यापारियों की सुविधा के लिए एक आधुनिक व्यापारिक कॉम्प्लेक्स बनाने का भी ऐलान किया, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
जब रवि किशन पर कसा तंज, गूंज उठा पंडाल
मंच से जनता को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने अचानक गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन की ओर इशारा करते हुए चुटकी ली। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि रवि किशन तो नाच-गाकर अपना काम चला लेंगे और कमा लेंगे, लेकिन कालीबाड़ी के बाबा और हमारे छोटे व्यापारी कहां से कमाएंगे? जब जनता की समृद्धि आएगी और विकास होगा, तभी सबकी कमाई होगी। सीएम की यह बात सुनते ही रवि किशन और मंच पर मौजूद कालीबाड़ी के बाबा खिलखिलाकर हंस पड़े और जनता के ठहाकों से माहौल खुशनुमा हो गया।
आज के माफिया आधुनिक हिरण्यकश्यप, बातों से नहीं मानेंगे
त्योहार के आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए मुख्यमंत्री ने वर्तमान परिस्थितियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने माफियाओं, उग्रवादियों और गुंडों की तुलना हिरण्यकश्यप से की। उन्होंने कहा कि जैसे भगवान नरसिंह ने अधर्म का अंत किया था, वैसे ही आज के ये लातों के भूत बातों से नहीं मानेंगे। विकसित भारत के निर्माण के लिए इन बुराइयों का अंत अनिवार्य है।
दंगा मुक्त UP का दावा: 'पहले कर्फ्यू था, अब सब चंगा है'
अखिलेश और पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि 2014 से पहले यूपी में त्योहारों से पहले कर्फ्यू लग जाता था, लेकिन आज प्रदेश में सुरक्षा और शांति का माहौल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब हर व्यक्ति को सुरक्षा का एहसास होता है, वही असली रामराज्य है।

