विदेशी निवेश किसी परिवार के लिए नहीं, राज्य के कल्याण के लिए: योगी आदित्यनाथ

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 07:28 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि जर्मनी, जापान और सिंगापुर सहित दुनिया के अन्य देशों से आने वाला निवेश किसी परिवार को नहीं, बल्कि राज्य को लाभ पहुंचाएगा और यहां के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगा। लखनऊ में 1.86 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को गैस सिलेंडर पुनर्भरण सब्सिडी वितरण के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने ये बातें कहीं। 

मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कल ही जर्मनी से लौटे हैं। उन्हें राज्य में निवेश की संभावनाओं और निर्माणाधीन रक्षा विनिर्माण गलियारे का जायजा लेने का अवसर मिला।" पिछली सरकारों से तुलना करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की ओर कोई तिरछी नजर से भी नहीं देखता था, लेकिन आज दुनिया का हर बड़ा निवेशक यहां आना चाहता है। उन्होंने कहा, "निवेशक जानते हैं कि वर्तमान सरकार उन्हें सुरक्षा प्रदान कर सकती है और निर्णायक फैसलों के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान कर सकती है।" मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि विदेशी निवेश से होने वाला बदलाव किसी के व्यक्तिगत परिवार को लाभ पहुंचाने के लिए नहीं है। 

उन्होंने कहा, "जर्मनी या जापान से आने वाले निवेश से केशव के परिवार को व्यक्तिगत लाभ नहीं होगा, लेकिन हमारे राज्य को निश्चित रूप से लाभ होगा। इससे हमारे प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा।" रोजगार के अवसरों और सुरक्षा पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी पहल और समन्वय स्थापित किया गया है जिससे प्रदेश में अधिक रोजगार सृजित होंगे और प्रतिभाशाली युवाओं को सरकारी गारंटी के साथ विदेशों में सम्मानजनक आय अर्जित करने के अवसर मिलेंगे। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static