Petrol पंप पर बाइक नहीं, सीधे 1000 लीटर की टंकी लेकर पहुंचा युवक; वजह जानकर आप भी पीट लेंगे माथा!

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 06:37 AM (IST)

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में इन दिनों पेट्रोल और गैस की किल्लत की अफवाहों ने आम जनता की नींद उड़ा रखी है। हर तरफ मारामारी का आलम है, लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसे देखकर आप अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे। हर्रैया क्षेत्र में एक युवक अपनी बाइक या कार लेकर नहीं, बल्कि सीधे 1000 लीटर की पानी वाली टंकी लेकर पेट्रोल पंप पहुंच गया।

तेल स्टॉक करने की मची होड़
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से जिले में तेल खत्म होने की अफवाहें जंगल की आग की तरह फैली हुई हैं। इसी घबराहट में लोग घंटों लंबी लाइनों में लगकर गाड़ियों की टंकियां फुल करवा रहे हैं। लेकिन हर्रैया थाना क्षेत्र के भदावल पंप पर जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया। इस युवक को शायद भविष्य की इतनी चिंता सता रही थी कि उसने सोचा कि ना रहेगा बांस, ना बजेगी बांसुरी। यानी एक बार में 1000 लीटर तेल भरवा लो और फिर सालों की छुट्टी।

पंप पर बाहुबली का तमाशा और पब्लिक की हंसी
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक अपनी सफेद रंग की विशालकाय पानी की टंकी को जैसे-तैसे घसीटते हुए सीधे नोजल तक ले आया। उसने वहां मौजूद सेल्समैन से जिद शुरू कर दी कि उसकी पूरी टंकी फुल कर दी जाए। युवक का यह बाहुबली अंदाज और मासूमियत भरी जिद देखकर वहां मौजूद अन्य ग्राहक ठहाके मारकर हंसने लगे। लोग मोबाइल निकालकर इस अनोखे कस्टमर का वीडियो बनाने लगे, जो अब इंटरनेट पर छाया हुआ है।

नियमों के आगे नहीं चली जुगाड़बाज की जिद
हंसी-मजाक के बीच, पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने युवक को समझाने की कोशिश की। सुरक्षा मानकों और पेट्रोलियम नियमों के अनुसार, इस तरह खुले टैंक या असुरक्षित बर्तनों में इतनी भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ देना न केवल मना है, बल्कि यह एक बड़े हादसे को दावत दे सकता है। काफी बहस और जिद के बाद भी जब डिलीवरी बॉय ने तेल देने से साफ इनकार कर दिया, तो बाहुबली को खाली हाथ (या खाली टंकी) ही वापस लौटना पड़ा।

फिलहाल, बस्ती प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि तेल की कोई कमी नहीं है और लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। लेकिन इस बीच, 1000 लीटर की टंकी वाले इस शख्स ने सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ ला दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static