ऑनलाइन गेम बना काल: ट्रक ड्राइवर की लाखों की कमाई डकार गए ठग, 10 हजार का लालच देकर ऐसे बुना बर्बादी का जाल
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 12:12 PM (IST)
Noida News: डिजिटल दुनिया में घर बैठे अमीर बनने का सपना एक मेहनत कश ट्रक ड्राइवर के लिए बुरा सपना साबित हुआ। दादरी इलाके में रहने वाले वकील खान नामक शख्स ऑनलाइन गेमिंग ऐप के चंगुल में फंसकर अपनी जिंदगी भर की जमा-पूंजी गंवा बैठे हैं। ठगों ने हनी ट्रैप की तरह पहले छोटी जीत का स्वाद चखाया और फिर धीरे-धीरे उनसे 20 लाख रुपए लूट लिए।
10 हजार की मछली और 20 लाख का जाल
ठगी का यह सिलसिला जनवरी 2024 में शुरू हुआ। पेशे से ड्राइवर वकील खान को ऑनलाइन गेम खेलने का शौक था। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक लुभावने गेमिंग ऐप से हुई। ठगों ने शुरुआत में वकील खान को छोटे दांव लगवाए और उन्हें 10 हजार रुपये का मुनाफा करा दिया। इस छोटी सी जीत ने वकील खान का भरोसा जीत लिया। उन्हें लगा कि यह ऐप वाकई उन्हें लखपति बना सकता है। बस यहीं से ठगों ने अपना असली खेल शुरू किया।
लोन और उधार लेकर लगा दिए 20 लाख
मुनाफे के नशे में डूबे वकील खान ने और बड़े दांव लगाने शुरू किए। ठगों ने उन्हें यकीन दिलाया कि जितना बड़ा निवेश होगा, रिटर्न उतना ही तगड़ा मिलेगा। अपनी बचत खत्म होने के बाद वकील खान ने दोस्तों से उधार लिया और बैंकों से लोन तक ले लिया।
निकासी पर टारगेट का बहाना
जब 14 मार्च 2026 तक वह 20 लाख रुपये लगा चुके थे और उन्होंने अपने पैसे निकालने चाहे, तो ऐप ने नए बहाने बनाने शुरू कर दिए। उनसे कहा गया कि "पैसे निकालने के लिए एक तय टारगेट पूरा करना होगा।" उस टारगेट के चक्कर में वे और पैसे भरते चले गए।
जब खुला राज, तब तक लुट चुका था संसार
लगातार पैसे डालने के बाद भी जब एक रुपया वापस नहीं मिला, तब वकील खान को अहसास हुआ कि वे एक बड़े साइबर स्कैम का शिकार हो चुके हैं। उन्होंने तुरंत पुलिस की शरण ली और आपबीती सुनाई।
पुलिस की कार्रवाई और चेतावनी
साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय राणा ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब उन बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है जहां पैसे भेजे गए थे। साइबर टीम उस गिरोह की लोकेशन ट्रैक करने में जुटी है जो पर्दे के पीछे से यह काला धंधा चला रहा है।
पुलिस की अपील
किसी भी अनजान ऐप पर निवेश ना करें। कम समय में दोगुना पैसा देने वाली स्कीमें सिर्फ और सिर्फ ठगी का जाल होती हैं।

