''2017 से भी बड़ी होगी 2027 की जीत'': औरैया पहुंचे BJP अध्यक्ष पंकज चौधरी ने परिवारवाद-जातिवाद पर बोला हमला

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 09:44 AM (IST)

Auraiya News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्षी एकजुटता पर बड़ा हमला बोलते हुए दावा किया है कि विपक्ष का यह गठबंधन वर्ष 2027 के चुनावों से पहले पूरी तरह बिखर जाएगा। बुंदेलखंड भ्रमण के दौरान औरैया के तुर्कीपुर स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिस तरह कांग्रेस पार्टी ने द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के साथ अपना 40 साल पुराना गठबंधन तोड़ा है, उससे यह साफ हो जाता है कि इस विपक्षी गठबंधन का अंत बेहद नजदीक है और यह पूरी तरह समाप्त होने की कगार पर है।

लगातार 4399 दिन सत्ता में रहने वाले देश के पहले PM बनेंगे नरेंद्र मोदी
पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियों की जमकर सराहना की। उन्होंने एक विशेष आंकड़े का जिक्र करते हुए बताया कि बुधवार, 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सत्ता में रहने के 4399 दिन पूरे होने जा रहे हैं, जो देश के लोकतांत्रिक इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री द्वारा लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने का एक नया रिकॉर्ड है।

2017 से भी बड़ी जीत दर्ज करेगी BJP: पंकज चौधरी
पंकज चौधरी ने देश के राजनीतिक परिद्दश्य पर बात करते हुए हाल ही में पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में हुए चुनावों में भाजपा की जीत का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि आगामी 2027 के चुनावों में जनता परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति को पूरी तरह से नकार कर खत्म कर देगी। उन्होंने दावा किया कि जनता के इसी समर्थन के बल पर भाजपा इस बार वर्ष 2017 के चुनावों से भी अधिक प्रचंड और बड़ी जीत दर्ज करने जा रही है। इस पत्रकार वार्ता और संगठनात्मक बैठक के दौरान भाजपा के स्थानीय नेतृत्व की भी मजबूत मौजूदगी रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static