देर रात गोलियों की गूंज, शामली में 1 लाख का इनामी बदमाश ढेर; मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 07:59 AM (IST)
Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान 1 लाख रुपए का इनामी बदमाश रिहान मारा गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बदमाशों की गोली लगने से एक सिपाही घायल भी हुआ है।
कैसे हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, झिंझाना से कसेरवा गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर बाइक सवार दो बदमाश लूट की वारदात कर भाग रहे थे। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान कोतवाली शामली में तैनात सिपाही सुमित बैसला को गोली लग गई और वह घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हुआ और दूसरा भाग निकला।
अस्पताल में बदमाश की मौत
घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान रिहान, निवासी जाकिर नगर, ओखला (दिल्ली) के रूप में हुई। उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में था।
घायल सिपाही खतरे से बाहर
घायल सिपाही सुमित बैसला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
90 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि रिहान पर शामली, बागपत, गाजियाबाद, दिल्ली और हरियाणा में लूट, डकैती, चेन स्नैचिंग और अवैध हथियार रखने जैसे मामलों में 90 से अधिक केस दर्ज थे। उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
मौके से हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक 9 एमएम पिस्टल, एक देशी तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। फरार बदमाश की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा।

