भागने की कोशिश और पैर में गोली: आधी रात इनामी बदमाश का एनकाउंटर, SWAT Team ने बिना नंबर की कार से दबोचे 2 शूटर

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 10:04 AM (IST)

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को मंगलवार तड़के बड़ी सफलता मिली है। मोदीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट (SWAT) टीम की बदमाशों से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस मुठभेड़ में 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को भी दबोच लिया गया है।

घेराबंदी देख बदमाशों ने शुरू कर दी फायरिंग
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि स्वाट टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी जलवीर उर्फ जालू अपने एक साथी के साथ बिना नंबर वाली कार से मोदीनगर से भोजपुर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर पिकेट लगा दी। जैसे ही एक संदिग्ध ग्रे रंग की कार आती दिखी, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय गाड़ी मोड़ ली और कच्चे रास्ते पर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने घिरता देख सीधे पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी जलवीर उर्फ जालू के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से जालू और उसके साथी जतिन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से अवैध तमंचा और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।

कौन है जलवीर उर्फ जालू?
पुलिस के मुताबिक, जालू एक शातिर अपराधी है जिसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी। जालू की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25,000 रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। वह कई लूट और आपराधिक मामलों में वांछित (Wanted) था।

अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
गोली लगने से घायल बदमाश जालू को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे थे या कहीं छिपने की फिराक में थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static