मेरठ में ''वर्दी'' वाली डकैती! दारोगाओं ने व्यापारी को जेल का डर दिखा लूटे लाखों, SSP के कड़े एक्शन से पुलिस महकमे में हड़कंप!
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 11:37 AM (IST)
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ कानून के रक्षकों ने ही भक्षक का रूप धर लिया। थाना लोहिया नगर में तैनात दो नए दरोगाओं ने एक धागा व्यापारी को सोना तस्करी के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और उससे 20 लाख रुपये की मोटी रकम ऐंठ ली।
वर्दी की आड़ में ब्लैकमेलिंग का खेल
आरोपी दरोगा दीपक साहू और महेश (2023 बैच) ने एक सोची-समझी साजिश के तहत धागा कारोबारी को अपना निशाना बनाया। उन्होंने व्यापारी पर दबाव बनाया कि उसके पास तस्करी का सोना है और अगर उसने पैसे नहीं दिए, तो उसे संगीन धाराओं में जेल भेज दिया जाएगा। जेल जाने और बदनामी के डर से व्यापारी ने दरोगाओं को 20 लाख रुपये दे दिए।
SSP का हंटर: इंस्पेक्टर और दोनों दरोगा सस्पेंड
मीडिया रिपोर्ट में मामला सामने आने के बाद मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने इसे गंभीरता से लिया और एसपी सिटी को तुरंत जांच के आदेश दिए। जांच में भ्रष्टाचार की पुष्टि होते ही एसएसपी ने बड़ा एक्शन लिया:
- लोहिया नगर थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया।
- आरोपी दरोगा दीपक साहू और महेश को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
- दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम कर रही है दरोगाओं की तलाश
मामला खुलते ही खाकी को दागदार करने वाले दोनों दरोगा अपनी गिरफ्तारी के डर से फरार हो गए हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं। एसएसपी अविनाश पांडे ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार फैलाने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और कानून सभी के लिए बराबर है।

