दहेज और संतान का दबाव बना काल! 5 महीने की गर्भवती महिला की हत्या, दूसरी को औलाद के लिए जिं'दा जला'या
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 01:54 PM (IST)
Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर में दो अलग-अलग घटनाओं में पांच माह की गर्भवती एक महिला को दहेज की मांग को लेकर कथित रूप से जहर देकर मार दिया गया जबकि संतान न होने पर दूसरी महिला को उसके ससुराल वालों ने कथित रूप से आग लगा दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि खतौली कस्बा निवासी शालू (30) मृत मिली और उसके शरीर में जहर पाया गया।
महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे और उन्होंने जहर देकर उसकी हत्या कर दी। पांच माह की गर्भवती शालू का विवाह 25 नवंबर 2024 को अंकुर से हुआ था। खतौली थाने के प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद बघेल ने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।
इस बीच, एक अन्य घटना में नयी मंडी क्षेत्र के राथेरी गांव में अमरीन (30) गंभीर रूप से झुलस गई। उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर दिल्ली के एक अस्पताल रेफर किया गया। क्षेत्राधिकारी राजकुमार साव ने बताया कि अमरीन को इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि संतान नहीं होने के कारण अमरीन के ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे और उन्होंने उसे आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है।

