''तुम्हारी पॉटी का ठेका मैंने नहीं ले रखा है...'' संभल में शौच पर छिड़ा संग्राम, पुलिस के दो धुरंधरों पर गिरी गाज
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 12:18 PM (IST)
Sambhal Police Controversy : उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस विभाग का एक अजीबोगरीब विवाद सोशल मीडिया पर खूब चर्चा का विषय बना हुआ है। मामला ड्यूटी से नदारद रहने और उसके बाद लगी विवादित टिप्पणी की भेंट चढ़ गया। अंततः अनुशासनहीनता और गंभीर आरोपों को देखते हुए कप्तान ने दोनों पुलिसकर्मियों पर कड़ा एक्शन लिया है।
शौच के लिए जाना पड़ा महंगा
घटना गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज पॉइंट की है जहां हेड कांस्टेबल जय भगवान की तैनाती थी। ट्रैफिक पुलिस प्रभारी दुष्यंत बालियान जब लहरावन गांव के पास चेकिंग करने पहुंचे तो सिपाही वहां से नदारद मिला। जिसके बाद बिना समय गंवाए प्रभारी ने सिपाही की गैरहाजिरी दर्ज कर दी। सिपाही जब वापस लौटा तो उसने दलील दी कि पेट खराब होने के कारण वह पास के पेट्रोल पंप पर शौच के लिए गया था। वहीं आरोप है कि सिपाही की बात सुनकर प्रभारी भड़क गए और उन्होंने कथित तौर पर कहा कि तुम्हारी पॉटी का ठेका मैंने नहीं ले रखा है।
सिपाही को शौच करने जाना पड़ा भारी, अधिकारी ने लिख दी रपट, अधिकारी ने कहा मैं तेरी लैट्रीन का ठेकेदार हूं।
— Gagandeep Singh (@GagandeepNews) April 30, 2026
यहां तो System ही हैंग कर दिया। pic.twitter.com/RmRpEhTAuj
रपट लिखे जाने और अपमानजनक शब्दों से आहत हेड कांस्टेबल जय भगवान ने एक वीडियो जारी कर प्रभारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सिपाही ने प्रभारी पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए। सिपाही का दावा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान उसने मिट्टी से लदा एक डंपर रोका था जो कथित तौर पर प्रभारी के संरक्षण में चल रहा था। सिपाही के मुताबिक, अवैध ट्रकों का चालान करने की वजह से प्रभारी उससे रंजिश रखते थे और इसी कारण एक मानवीय जरूरत (शौच) के लिए जाने पर उसका अपमान किया गया।
एसपी का बड़ा एक्शन: दोनों लाइन हाजिर
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और पुलिस की छवि धूमिल होने के बाद संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने तत्काल कार्रवाई की। एसपी ने प्रभारी दुष्यंत बालियान और हेड कांस्टेबल जय भगवान, दोनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं विभाग ने पूरे मामले की गहराई से जांच करने के आदेश दिए हैं ताकि अवैध वसूली और अनुशासनहीनता के दावों की सच्चाई सामने आ सके।

