खौफनाक वारदात: पति की हत्या कर प्रेमी संग फरार हुई विवाहिता, गांव घर में पसरा सन्नाटा

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 01:54 PM (IST)

इटावा (अरवीन ):  जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध प्रेम संबंधों के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात भरथना थाना क्षेत्र के गांव पड़ियापुर की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हत्या इतनी नृशंस थी कि देखने वालों की रूह कांप उठी। आरोपी पत्नी वारदात के बाद अपनी नाबालिग बेटी को साथ लेकर प्रेमी संग फरार हो गई। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

मृतक पेशे से था ट्रक चालक
मृतक की पहचान 45 वर्षीय रणवीर सिंह यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक चालक था। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब पड़ोसी चाय पीने के लिए रणवीर के घर पहुंचा तो घर का दरवाजा खुला मिला। आवाज लगाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं आया। अंदर जाने पर बरामदे में रणवीर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शरीर पर कुल्हाड़ी से किए गए दर्जनों वार के निशान थे। आसपास खून फैला हुआ था और सब्जियों के पास खून से सनी कुल्हाड़ी पड़ी मिली। घर का सामान भी बिखरा हुआ था, जबकि बहू और पोती मौके से गायब थीं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर ASP ग्रामीण श्रीशचंद्र, थाना प्रभारी विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर जांच कराई गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच में सामने आया कि रणवीर सिंह की शादी वर्ष 2018 में मथुरा के वृंदावन निवासी पूजा से हुई थी।

शादी के एक साल बाद ही दोनों के बीच चल रहा था विवाद
शादी के एक साल बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। पूजा गर्भवती होने पर मायके चली गई थी और काफी मान-मनौव्वल के बाद करीब तीन साल बाद वापस लौटी। पंचायत में समझौता हुआ था, जिसके बाद रणवीर अपने बड़े भाई के खेत में बने अलग मकान में पत्नी के साथ रहने लगा।

महिला का गांव के ही युवक से चल रहा था प्रेम प्रसंग
परिजनों के अनुसार पूजा का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। रविवार रात रणवीर अचानक घर आ गया, जिससे विवाद हुआ और इसी दौरान पत्नी व उसके प्रेमी ने मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद प्रेमी संग फरार है पत्नी
हत्या के बाद दोनों फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी प्रेमी अविवाहित है और दोनों के जिले से बाहर भागने की आशंका है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static