काला जादू के शक में अंधा हुआ बेटा, लकड़ी के तख्ते से कर डाली बुजुर्ग पिता की हत्या... संतान ना होने का लगाया था दोष
punjabkesari.in Friday, Jul 04, 2025 - 12:17 PM (IST)

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के खैराही गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपने ही 65 साल के पिता की हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि उसके पिता उस पर और उसकी पत्नी पर काला जादू कर रहे हैं, जिससे उनकी संतान नहीं हो पा रही है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुरुवार को खैराही गांव में हुई। आरोपी का नाम रामजतन है, जिसकी शादी को कई साल हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उसके बच्चे नहीं हुए हैं। इसी बात को लेकर रामजतन अपने माता-पिता पर शक करता था। उसे लगता था कि वे उसके और उसकी पत्नी के खिलाफ काला जादू कर रहे हैं।
अक्सर होता था झगड़ा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि रामजतन कई बार अपने माता-पिता पर काला जादू करने का आरोप लगाता था। इसी वजह से घर में आए दिन झगड़े होते थे। गुरुवार को भी रामजतन का अपने पिता राजमल और मां से झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर रामजतन ने लकड़ी के तख्ते से अपने पिता पर हमला कर दिया।
पिता की मौके पर मौत
हमले में राजमल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी गिरफ्तार, केस दर्ज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, आरोपी रामजतन को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला (FIR) दर्ज किया गया है। एएसपी त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।