चोरी के शक में दुकानदार ने हदें की पार: दलित किशोरी को पेड़ से बांधकर पीटा, वीडियो वायारल
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 08:09 PM (IST)
देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में चोरी के आरोप में 14 वर्षीय दलित किशोरी को पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई किए जाने की घटना सामने आई है। पुलिस ने घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि तरकुलवा थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी हरिकेश गुप्ता (24) की किराने की दुकान है।
चोरी के शक में किशोरी को पकड़ा
आरोप है कि उसने दुकान में चोरी के संदेह में गांव की 14 वर्षीय किशोरी को पकड़ लिया। ग्रामीणों के मुताबिक, गुप्ता ने किशोरी के बाल पकड़कर उसे पहले पूरे गांव में घुमाया और फिर अपने मकान के बाहर नीम के पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की। एक राहगीर ने घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
S/C एक्ट के तहत पुलिस ने दर्ज किया केस
ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर तरकुलवा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और किशोरी को मुक्त कराया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता दलित समुदाय से है। उसने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
मौके पर पीड़िता को पुलिस ने छुड़वाया
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुनील कुमार रेड्डी ने बताया कि रविवार को सूचना मिली कि मिश्रौली गांव में किराने की दुकान में चोरी के संदेह में दुकानदार ने एक लकड़ी को पकड़ लिया है और उसकी पिटाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित लड़की को छुड़ाया और आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी।

