मंडप में मेडिकल टेस्ट की मांग... शादी की रस्मों के बीच अचानक बिगड़ी तबीयत, दुल्हन ने शादी से किया इनकार

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 08:32 AM (IST)

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र में दूल्हे की तबीयत अचानक बिगड़ने पर दुल्हन पक्ष ने मेडिकल रिपोर्ट मांगते हुए शादी से इनकार कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि काफी मान-मनौव्वल के बावजूद बात नहीं बनने पर बारात लौट गई। सूत्रों के मुताबिक, कोतवाली देहात क्षेत्र के कठोली गांव के रहने वाले युवक का रिश्ता सकीट थाना क्षेत्र के नगला फुले गांव निवासी विजय सिंह की बेटी से तय हुआ था। सूत्रों ने बताया कि रविवार शाम सकीट स्थित सोनू गेस्ट हाउस में बारात पहुंची, लेकिन शादी की रस्में शुरू होने के दौरान दूल्हा कुर्सी पर ठीक से बैठ नहीं पाया और अचानक नीचे गिर पड़ा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मेडिकल रिपोर्ट की मांग और छिपी बीमारी का आरोप
सूत्रों के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने दूल्हे को संभालने का प्रयास किया और पानी पिलाया, लेकिन दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे की सेहत को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए और उसकी मेडिकल रिपोर्ट मांगी। सूत्रों ने बताया कि दुल्हन की मां ने आरोप लगाया कि वर पक्ष ने दूल्हे की बीमारी की बात उनसे छिपाई थी। उन्होंने बताया कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस और विवाद होने लगा।

शादी से इनकार और बिना दुल्हन लौटी बारात
सूत्रों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिशें रात भर जारी रहीं, लेकिन दुल्हन और उसके परिजन शादी न करने के अपने फैसले पर कायम रहे, जिसके बाद बारात लौट गई। सूत्रों के मुताबिक, इस सिलसिले में किसी भी पक्ष की तरफ से थाने में शिकायत नहीं दी गई है। हालांकि, यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static