राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले में 12 मार्च को होगी बहस, तारीख तय

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 07:15 PM (IST)

सुलतानपुर: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि के मामले में सांसद-विधायक अदालत में बहस के लिए 12 मार्च की तिथि निर्धारित की गयी है। इस मामले में वादी विजय मिश्रा के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार को विशेष न्यायाधीश शुभम वर्मा ने मानहानि मामले में आगे की कार्यवाही के तहत बहस के लिये 12 मार्च की तिथि निर्धारित की है। 

राहुल गांधी कोर्ट में दर्ज करा चुके हैं बयान 
पांडेय ने बताया कि मामला दायर करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विजय मिश्रा और दो गवाहों की जिरह पूरी हो चुकी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला ने भी बताया कि न्यायालय में आगे बहस के लिए 12 मार्च की तिथि निर्धारित की गयी है। उन्होंने बताया कि पिछले महीने 20 फरवरी को राहुल गांधी ने अपना बयान दर्ज कराया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके खिलाफ राजनीतिक विद्वेष से मानहानि का यह मुकदमा दर्ज कराया गया है।

भाजपा नेता ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का दर्ज कराय था केस 
कोतवाली देहात के हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्रा ने वर्ष 2018 में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का यह मुकदमा दायर किया था। मिश्रा का आरोप है कि 2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष एवं मौजूदा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। 

मुचलके पर राहुल को मिली थी जमानत 
इस मामले में अदालत में पेश नहीं होने पर दिसंबर 2023 में राहुल गांधी के खिलाफ वारंट जारी किया था। फरवरी 2024 में राहुल गांधी ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद विशेष मजिस्ट्रेट ने उन्हें 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत प्रदान की थी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static