रेल टिकट, सिम कार्ड और गैस सिलेंडर के निमयों में 1 मार्च से होगा बड़ा बदलाव!, आपकी जेब पर पड़ सकता है सीधे असर
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 01:27 PM (IST)
यूपी डेस्क: देशभर में 1 मार्च 2026 से कई नए नियम लागू होने जा रहे हैं, जिनका असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और खर्च पर पड़ सकता है। इन बदलावों में रेलवे टिकट बुकिंग, एलपीजी सिलेंडर की कीमत, सिम कार्ड नियम, बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट से जुड़े नियम शामिल हैं। सरकार और संबंधित विभागों का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य सुरक्षा बढ़ाना, फ्रॉड रोकना और सेवाओं को अधिक बेहतर बनाना है।
रेलवे टिकट बुकिंग में बदलाव
रेलवे यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय रेलवे पुराने UTS ऐप को बंद करने की तैयारी कर रहा है। 1 मार्च से अनारक्षित टिकट, जनरल टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने के लिए नया RailOne ऐप इस्तेमाल करना होगा। यह ऐप रेलवे सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले यह नया ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी जा रही है।
एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
हर महीने की तरह मार्च की शुरुआत में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा की जाएगी। 1 मार्च को घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलेंडर के नए रेट घोषित हो सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर इसमें बढ़ोतरी या कमी हो सकती है। इसका सीधा असर घर के बजट पर पड़ता है।
सिम कार्ड और मैसेजिंग ऐप्स पर नया नियम
डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार 1 मार्च से सिम बाइंडिंग को अनिवार्य कर सकती है। इसके तहत व्हाट्सऐप और टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग ऐप्स को एक्टिव मोबाइल सिम से लिंक करना जरूरी होगा। बिना सिम वेरिफिकेशन के इन ऐप्स का इस्तेमाल संभव नहीं होगा। इसका मकसद फर्जी अकाउंट और ऑनलाइन फ्रॉड पर लगाम लगाना है।
बैंकिंग और यूपीआई नियमों में संभावित बदलाव
मार्च से कुछ बैंकों के सेविंग अकाउंट से जुड़े नियमों में बदलाव हो सकता है। इसमें मिनिमम बैलेंस की शर्त, क्रेडिट कार्ड चार्ज या रिवॉर्ड प्वाइंट्स से जुड़े नियम शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा यूपीआई ट्रांजैक्शन में अतिरिक्त सुरक्षा फीचर्स जोड़े जा सकते हैं ताकि डिजिटल पेमेंट को और सुरक्षित बनाया जा सके।
CNG और PNG की कीमतों की समीक्षा
हर महीने की शुरुआत में नेचुरल गैस की कीमतों की समीक्षा होती है। 1 मार्च को सीएनजी और पीएनजी के नए रेट घोषित किए जा सकते हैं। अगर कीमतों में बढ़ोतरी होती है तो सीएनजी से चलने वाले वाहनों और पीएनजी से गैस कनेक्शन वाले घरों के खर्च में बढ़ोतरी हो सकती है। कुल मिलाकर, 1 मार्च से लागू होने वाले ये बदलाव आम लोगों की डिजिटल लाइफ, यात्रा और घरेलू बजट को सीधे प्रभावित कर सकते हैं।

