रोती-बिलखती रही प्रेमिका, प्रेमी ने मंदिर परिसर में दी जान, 100 रुपए और शराब के विवाद में उजड़ गई हंसती-खेलती जिंदगी
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 07:57 AM (IST)
Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक शख्स ने अपनी प्रेमिका की आंखों के सामने मंदिर परिसर में पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। महिला उसे लगातार रोती-बिलखती रोकती रही, लेकिन उसने एक न सुनी। गमछे से फंदा बनाकर जैसे ही उसने छलांग लगाई, गमछा टूट गया और वह नीचे पत्थरों पर जा गिरा। गंभीर चोट आने से उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
शराब को लेकर हुई थी कहासुनी
घटना झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के बिरगुवां गांव की है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय लखन आदिवासी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के जैरा खास गांव का रहने वाला था। पिछले कुछ समय से वह बिरगुवां गांव में किराए का मकान लेकर अपनी प्रेमिका लक्ष्मी के साथ रह रहा था और दोनों मजदूरी कर गुजर-बसर करते थे। लक्ष्मी के मुताबिक, लखन को शराब की बुरी लत थी। घटना की सुबह वह जूते खरीदने के बहाने 100 रुपए लेकर निकला और शराब पीकर लौट आया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी। इसके बाद वह शौच का बहाना बनाकर घर से निकल गया।
चिल्लाती रही प्रेमिका, आंखों के सामने टूटी सांसें
काफी देर तक जब लखन वापस नहीं लौटा, तो लक्ष्मी उसकी तलाश में निकली। गांव के स्कूल के पीछे स्थित मंदिर परिसर में उसने देखा कि लखन पेड़ पर चढ़कर गमछे से फंदा बना रहा है। लक्ष्मी ने उसे नीचे उतरने की बहुत मिन्नतें कीं, रोई-चिल्लाई, लेकिन लखन पर धुन सवार थी। उसने गले में फंदा डालकर छलांग लगा दी। हालांकि, छलांग लगाते ही गमछा बीच से फट गया और वह सीधे नीचे बिछे पत्थरों पर आ गिरा। लक्ष्मी भागकर उसके पास पहुंची और फंदा हटाया, लेकिन तब तक लखन की सांसें थम चुकी थीं।
पति को छोड़ 3 साल पहले आई थी साथ
लक्ष्मी ने बताया कि उसकी पहली शादी 20 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पहला पति आए दिन मारपीट करता था, जिससे तंग आकर वह फैक्ट्री में साथ काम करने वाले लखन के करीब आई थी। करीब 3 साल पहले वह अपने बच्चों और पति को छोड़कर लखन के साथ ग्वालियर, मुंबई फिर झांसी आकर रहने लगी थी।
पुलिस कर रही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक हारुन ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों या किसी पक्ष से शिकायत मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

