भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का इस तारीख को होगा ऐलान, नितिन नवीन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय

punjabkesari.in Friday, Jan 16, 2026 - 02:05 PM (IST)

यूपी डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम जारी करते हुए कहा कि इस पद के लिए नामांकन 19 जनवरी को दाखिल किए जाएंगे और अगले दिन नए पार्टी अध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण द्वारा जारी संगठन चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे के बीच दाखिल किया जा सकेगा और उम्मीदवार उसी दिन शाम 5 बजे से शाम 6 बजे के बीच नामांकन वापस ले सकेंगे। 

उम्मीदवार के नामांकन पत्र की छानबीन 19 जनवरी
भाजपा के राज्यसभा सदस्य लक्ष्मण द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उम्मीदवार के नामांकन पत्र की छानबीन 19 जनवरी को शाम 4 बजे से शाम 5 बजे के बीच की जाएगी। लक्ष्मण ने कहा, ‘‘अगर जरूरत पड़ी तो 20 जनवरी को मतदान होगा और उसी दिन नए चुने गए भाजपा अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्विरोध चुने जाने की संभावना 
पूरी चुनाव प्रक्रिया पार्टी मुख्यालय में संपन्न होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्विरोध पार्टी अध्यक्ष चुने जाने की संभावना है, क्योंकि इस बात की उम्मीद कम ही है कि कोई और नेता इस मुकाबले में शामिल होगा। नवीन भाजपा अध्यक्ष के तौर पर जे पी नड्डा की जगह ले सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी का शीर्ष नेतृत्व नवीन की उम्मीदवारी का समर्थन कर रहा है।

नितिन नबीन का करियर 
आप को बता दें कि नितिन नबीन साल 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने थे। साल 2010 से 2025 तक वो लगातार बांकीपुर सीट से जीतते आ रहे हैं। नितिन नबीन बिहार की एनडीए सरकार में पथ निर्माण विभाग और नगर विकास एवं आवास मंत्री हैं। नितिन नबीन का जन्म मई 1980 में रांची, झारखंड में हुआ। चुनाव आयोग को चुनावी हलफनामे के ज़रिए दी गई जानकारी के अनुसार नितिन नबीन के पिता का नाम नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा है और वो टेलर रोड, पटना के निवासी हैं।

बिहार सरकार में मंत्री हैं नितिन नबीन
उन्होंने खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताया है। चुनावी हलफनामे के अनुसार उन्हें किसी आपराधिक मामले में दोषी साबित नहीं किया गया है। नितिन नबीन ने साल1996 में पटना के सेंट माइकल हाई स्कूल से मैट्रिक और 1998 में दिल्ली के सीएसकेएम पब्लिक स्कूल से इंटर की पढ़ाई पूरी की है। नितिन नबीन फिलहाल पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और बिहार सरकार में मंत्री हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static