'प्राइवेट पार्ट पर सैनिटाइजर डालकर लगा दी आग...', प्रेमी ने प्रेमिका को दी रूहकंपा देने वाली सजा, ICU में जिंदगी की जंग लड़ रही छात्रा
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 03:46 PM (IST)
यूपी डेस्क: हरियाणा के गुरुग्राम से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। त्रिपुरा से सपने लेकर पढ़ाई करने आई बीएससी बायोटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा को उसके ही ऑनलाइन दोस्त ने कथित तौर पर तीन दिनों तक बंधक बनाकर अमानवीय यातनाएं दीं। पीड़िता के मुताबिक चरित्र पर शक करता था जिसके चलते वह आए दिन उससे मारपीट करता था। छात्रा ने गुरुग्राम पुलिस को बताया कि उसके पार्टनर ने उसके प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर आग लगा दी। युवती ने आगे दावा किया कि उसके पार्टनर ने उसके सिर पर मेटल की बोतल मारी और फिर उसे दरवाजे और अलमारी पर पटक दिया।

“माँ मुझे बचा लो…”
पीड़िता ने किसी तरह अपनी माँ को फोन कर आपबीती सुनाई। रोते हुए उसने कहा, “माँ मुझे बचा लो… नहीं तो मैं मर जाऊँगी…”। बेटी की हालत भांपते ही माँ ने त्रिपुरा से हरियाणा पुलिस को सूचना दी और गुरुग्राम स्थित पीजी का पता साझा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया। पहले उसे गुरुग्राम के एक अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल छात्रा आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
हरियाणा पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है। पीड़िता की माँ ने देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी त्रिपुरा से गुरुग्राम पढ़ने आई थी, उसने अपने भविष्य के सपने देखे थे। लेकिन उसके साथ जो हुआ, उसने हमारी जिंदगी तबाह कर दी। मैं सरकार से हाथ जोड़कर विनती करती हूं कि मेरी बेटी को न्याय मिले और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।” यह घटना एक बार फिर ऑनलाइन दोस्ती और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

