चलती बस का फर्श टूटा, पहिये के नीचे आई UKG की छात्रा... टायर से कुचलकर गई मासूम की जान

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 10:13 AM (IST)

Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की जानलेवा लापरवाही का एक डरावना मामला सामने आया है। जहां एक जर्जर स्कूल बस का फर्श अचानक टूट जाने से UKG में पढ़ने वाली मासूम छात्रा अनन्या बस के नीचे गिर गई और पिछले पहिये की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

जर्जर बस बनी काल
घटना गंगीरी-कासगंज मार्ग पर ढोलना इलाके की है। जानकारी के अनुसार, अनन्या अपने 10 वर्षीय भाई के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। बस की हालत इतनी खस्ता थी कि पिछले पहिये के ऊपर लगा लोहे का फर्श (टीन) अचानक उखड़ गया। अनन्या उसी जगह बैठी थी और फर्श टूटते ही वह सीधे सड़क पर गिर गई। बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रशासन और स्कूल की बड़ी लापरवाही
इस हादसे ने स्कूल बसों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस का फिटनेस सर्टिफिकेट और सुरक्षा मानक ताक पर थे। बताया जा रहा है कि बस में क्षमता से कहीं अधिक बच्चे ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। पहिये के ऊपर का टीन गल चुका था, जिसे ठीक कराने की जहमत स्कूल प्रबंधन ने नहीं उठाई।

परिजनों का फूटा गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने अलीगढ़-कासगंज मार्ग पर जाम लगा दिया। घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोगों की मांग है कि स्कूल प्रबंधन और बस मालिक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए।

पुलिस की कार्रवाई
डीएसपी संजीव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ढोलना थाना क्षेत्र में यह दुखद हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि बस के अंदर पहिये के ऊपर लगा हिस्सा कमजोर होकर खुल गया था, जिससे बच्ची नीचे गिर गई। मामला दर्ज कर लिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static