राम मंदिर की फूलों की ज़रूरत अब अयोध्या से होगी पूरी! 2 करोड़ में बनेगा UP का पहला फ्लावर सेंटर, Yogi सरकार की किसानों को बड़ी सौगात

punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 07:16 PM (IST)

अयोध्या : अयोध्या में फूलों की खेती को नयी ऊंचाई देने के लिए सरकार की एक महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत पिरखौली क्षेत्र में तीन हेक्टेयर भूमि पर दो करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्लावर' (फूल उत्कृष्टता केंद्र) स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र न सिर्फ फूल उत्पादकों के लिए तकनीकी सहायता का हब बनेगा, बल्कि अयोध्या के राम मंदिर को भी गुणवत्तापूर्ण फूलों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। 

उप निदेशक (उद्यान) अनूप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि यह केंद्र फूलों की आधुनिक खेती को बढ़ावा देने का प्रमुख माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि यहां किसानों को फूलों की उन्नत प्रजातियों की जानकारी, वैज्ञानिक तरीके से खेती, कीट प्रबंधन, सिंचाई प्रणाली और विपणन का पूरा प्रशिक्षण दिया जाएगा। चतुर्वेदी ने बताया कि केंद्र में फूलों की कई दुर्लभ और लोकप्रिय प्रजातियां लगाई जाएंगी, जिनमें डच रोज़ और गेंदे की उच्च गुणवत्ता वाली किस्में शामिल होंगी। 

उन्होंने बताया कि प्रदेश में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए यह पहला बड़ा कदम है। चतुर्वेदी ने बताया कि जल्द ही इस केंद्र का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और इसी तर्ज पर मथुरा और वाराणसी में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे पूरे प्रदेश में फूल उत्पादन का नया नेटवर्क तैयार होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static